Wednesday, November 18, 2026
Home Industrial (हिंदी) कोल MCL IPO: ₹136 तक रखा गया शेयर का भाव, 23 नवंबर तक...

MCL IPO: ₹136 तक रखा गया शेयर का भाव, 23 नवंबर तक लगा सकेंगे बोली

पात्र कर्मचारियों और Coal India के शेयरधारकों के लिए भी आरक्षण का प्रावधान है।

Advertisement

नई दिल्ली। IndustrialPunch : कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) की प्रमुख अनुषंगी कंपनी महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (MCL) ने अपने बहुप्रतीक्षित इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) के लिए प्रति शेयर ₹129 से ₹136 का प्राइस बैंड निर्धारित किया है। लगभग ₹8,981 करोड़ का यह IPO 19 नवंबर 2026 को निवेशकों के लिए खुलेगा और 23 नवंबर 2026 तक इसमें बोली लगाई जा सकेगी।

इस IPO के माध्यम से कोल इंडिया अपनी सहायक कंपनी MCL में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने जा रही है। ऊपरी प्राइस बैंड के आधार पर MCL का अनुमानित बाजार मूल्यांकन लगभग ₹90,001 करोड़ आंका गया है। यह कोल इंडिया की सहायक कंपनियों को शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने और उनमें सरकारी हिस्सेदारी के विनिवेश की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

66.18 करोड़ शेयरों की होगी बिक्री

MCL का यह IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत लाया जा रहा है। इसमें Coal India लगभग 66.18 करोड़ इक्विटी शेयर बेचेगी, जो MCL की कुल चुकता इक्विटी पूंजी का लगभग 10 प्रतिशत है।

Advertisement

इस इश्यू में कंपनी की ओर से कोई नए शेयर जारी नहीं किए जाएंगे। इसलिए IPO से प्राप्त राशि MCL को नहीं, बल्कि शेयर बेचने वाली प्रमोटर कंपनी कोल इंडिया को मिलेगी।

रिटेल निवेशकों के लिए न्यूनतम निवेश ₹14,960

IPO में निवेश करने के इच्छुक खुदरा निवेशकों को न्यूनतम 110 शेयरों के एक लॉट के लिए आवेदन करना होगा। ₹136 के ऊपरी प्राइस बैंड के आधार पर न्यूनतम निवेश राशि ₹14,960 होगी। इसके बाद 110 शेयरों के गुणक में आवेदन किया जा सकेगा।

इश्यू में योग्य संस्थागत खरीदारों (QIB) के लिए अधिकतम 50 प्रतिशत, गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) के लिए न्यूनतम 15 प्रतिशत और खुदरा निवेशकों के लिए न्यूनतम 35 प्रतिशत हिस्सा आरक्षित रखा गया है। पात्र कर्मचारियों और Coal India के शेयरधारकों के लिए भी आरक्षण का प्रावधान है।

कोल इंडिया की तीसरी सहायक कंपनी होगी बाजार में सूचीबद्ध

MCL इस वर्ष शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने वाली कोल इंडिया की तीसरी सहायक कंपनी होगी। इससे पहले भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) और सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट (CMPDI) शेयर बाजार में दस्तक दे चुकी हैं। वहीं साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के IPO की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।

देश के कोयला उत्पादन में MCL की बड़ी भूमिका

ओडिशा मुख्यालय वाली MCL, कोल इंडिया की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक अनुषंगी कंपनियों में शामिल है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी ने 218.31 मिलियन टन कोयले का उत्पादन किया था। इस दौरान कोल इंडिया के कुल उत्पादन में MCL की हिस्सेदारी लगभग 28.4 प्रतिशत रही।

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में MCL ने लगभग ₹4,880.7 करोड़ का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में लगभग 6.7 प्रतिशत अधिक है। कंपनी का राजस्व भी इस अवधि में लगभग ₹16,093 करोड़ रहा।

  • Join the IndustrialPunch WhatsApp Group : Click here
  • industrial punch is now on Whatsapp Channels : Click here

 

Advertisement
1 अक्टूबर से बदलेंगे ये जरूरी नियम, आम लोगों पर पड़ेगा सीधा असर 1 अक्टूबर से बदलेंगे ये जरूरी नियम, आम लोगों पर पड़ेगा सीधा असर कोल इंडिया की 10 मेगा माइंस ने Q1 में बनाया रिकॉर्ड, SECL, NCL और MCL की खदानों का दबदबा भारत के सर्वाधिक कोयला भंडार वाले सात राज्यों के बारे में जानें: वित्तीय वर्ष 2025- 26 : कोल इंडिया लिमिटेड की टॉप- 10 खदान