नई दिल्ली, 30 अक्टूबर।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि वड़ोदरा में विमान निर्माण सुविधा, विमानन क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भारत की एक बड़ी छलांग है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत बहुत जल्द दुनिया के लिए यात्री विमानों का निर्माण करेगा।

प्रधानमंत्री ने आज वडोदरा में टाटा-एयरबस सी-295 विमान निर्माण सुविधा की आधारशिला रखी। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्‍होंने कहा कि यह देश की पहली परिवहन विमान सुविधा है। श्री मोदी ने कहा कि वडोदरा में बनने वाले परिवहन विमान न केवल सेना को सशक्त बनाएंगे, बल्कि देश में विमान निर्माण के लिए एक नया तंत्र भी स्थापित करेंगे।

श्री मोदी ने कहा कि भारत का विमानन क्षेत्र दुनिया में सबसे तेजी से विकास कर रहे विमानन क्षेत्रों में से एक है। भारत जल्द ही हवाई यातायात के मामले में शीर्ष 3 देशों की सूची में प्रवेश करने वाला है। उन्होंने कहा कि आने वाले 10 से 15 वर्ष में, देश को दो हजार से अधिक यात्री और मालवाहक विमानों की आवश्यकता होगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में आज आर्थिक सुधारों की एक नई गाथा लिखी जा रही है। पिछले आठ वर्ष में सरकार देश में विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए व्यापार सुगमता पर जोर दे रही है। उन्होंने कहा कि नया भारत नई मानसिकता और कार्य संस्कृति के साथ बढ़ रहा है जो देश के विकास में निजी क्षेत्र की भागीदारी को प्रोत्साहित करता है। उन्होंने निजी उद्योग क्षेत्र से, देश में निजी भागीदारी के लिए बनाए जा रहे सकारात्मक माहौल का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।

श्री मोदी ने कहा कि भारतीय विनिर्माण क्षेत्र दुनिया में तेजी से बढ़ रहा है। सेमीकंडक्टर्स से लेकर विमान तक हर चीज का निर्माण देश में हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत ने पिछले आठ वर्ष में 160 से अधिक देशों से भारी निवेश आकर्षित किया है जिससे अर्थव्यवस्था के 60 से अधिक क्षेत्रों को लाभ हुआ है। प्रधानमंत्री ने रक्षा और एयरोस्पेस को आत्मनिर्भर भारत का प्रमुख स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि 2025 तक भारत का रक्षा विनिर्माण पैमाना 25 बिलियन डॉलर को पार कर जाएगा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह देश के लिए गर्व की बात है कि ये विमान निर्माण सुविधा निजी क्षेत्र स्थापित कर रहा है। उन्होंने इस पल को भारतीय रक्षा क्षेत्र की आत्मनिर्भरता की यात्रा में मील का पत्थर बताया।

इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, टाटा समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नटराजन चंद्रशेखरन और एयरबस के क्रिस्टियन शेरर मौजूद थे।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

  • Website Designing