श्रद्धा महिला मंडल द्वारा एसईसीएल के सौजन्य से वसंत विहार स्थित एसईसीएल की पिंक डिस्पेंसरी में महिला संविदा कर्मियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एसईसीएल में कार्यरत 104 महिला संविदा कर्मियों का व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
शिविर के दौरान महिलाओं का फुल बॉडी हेल्थ चेकअप किया गया, जिसमें लिवर एवं किडनी फंक्शन टेस्ट, सीबीसी सहित विभिन्न आवश्यक जांचें की गईं। इसके अतिरिक्त महिलाओं की आंखों की भी जांच की गई। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत आवश्यकतानुसार महिलाओं को दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही, जिन महिलाओं को दृष्टिदोष के कारण चश्मे की आवश्यकता होगी, उन्हें चश्मे बनवाकर प्रदान किए जाएंगे।
महिला संविदा कर्मी एसईसीएल परिवार का अभिन्न अंग : श्रीमती शशि दुहन
इस अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन ने कहा कि “महिला संविदा कर्मी एसईसीएल परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और कंपनी के कार्यों में उनका योगदान सराहनीय है। परिवार और कार्यस्थल की जिम्मेदारियों के बीच महिलाओं का अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। श्रद्धा महिला मंडल महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान एवं कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है।”
कार्यक्रम में श्रद्धा महिला मंडल की उपाध्यक्ष श्रीमती हसीना कुमार एवं श्रीमती विनीता जैन उपस्थित रहीं ।
उल्लेखनीय है कि एसईसीएल की वसंत विहार डिस्पेंसरी कोल इंडिया की पहली पिंक डिस्पेंसरी है।
श्रद्धा महिला मंडल द्वारा समय-समय पर महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक कल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहा है। इसी कड़ी में आयोजित यह शिविर महिला संविदा कर्मियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
- Join the IndustrialPunch WhatsApp Group:Click here
- industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here








