हैदराबाद। IndustrialPunch : सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड (SCCL) के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी कंपनी के मुनाफे में हिस्सेदारी के आधार पर विशेष आर्थिक सहायता दी जाए। यह मांग सिंगरेनी रिटायर्ड एम्प्लॉइज वेलफेयर एसोसिएशन ने उठाई है। एसोसिएशन ने तेलंगाना सरकार के उस निर्णय का स्वागत किया है, जिसके तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में कंपनी के मुनाफे का 34 प्रतिशत हिस्सा कर्मचारियों को देने की घोषणा की गई है।
तेलंगाना के मेडचल–मलकाजगिरि जिले के पोचारम स्थित सुप्रभात टाउनशिप में एसोसिएशन की बैठक उपाध्यक्ष बांगारू राजय्या की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए महासचिव आलवंदार वेणु माधव ने कहा कि सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में ₹1,754 करोड़ का मुनाफा अर्जित किया। इसमें से 34 प्रतिशत हिस्सेदारी के रूप में ₹596.36 करोड़ श्रमिकों को देने का निर्णय सराहनीय है।
उन्होंने बताया कि घोषित व्यवस्था के तहत प्रत्येक पात्र स्थायी कर्मचारी को अधिकतम ₹1,54,913 तथा प्रत्येक संविदा कर्मचारी को ₹5,500 दिए जाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने इसे श्रमिकों की मेहनत और कंपनी के विकास में उनके योगदान का सम्मान बताया।
कंपनी के कठिन दौर में योगदान देने वालों को भी मिले लाभ
आलवंदार वेणु माधव ने कहा कि सिंगरेनी के कठिन दौर और घाटे की स्थिति में भी कर्मचारियों ने मेहनत और समर्पण के साथ कंपनी के विकास की नींव रखी थी। आज जब कंपनी मुनाफा कमा रही है, तब उसके विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारियों के कल्याण की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।
एसोसिएशन का कहना है कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भी अपने सेवाकाल में कंपनी की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसलिए उनके लिए भी विशेष आर्थिक सहायता की व्यवस्था की जानी चाहिए।
बैठक के माध्यम से एसोसिएशन ने राज्य सरकार और सिंगरेनी प्रबंधन से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की मांग पर विचार करने की अपील की।
- Join the IndustrialPunch WhatsApp Group:Click here
- industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here









