WCL के निदेशक (मानव संसाधन) डॉ. हेमंत शरद पांडे ने चंद्रपुर क्षेत्र के दुर्गापुर स्थित एच.ई.एम.एम संस्थान का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान में नवस्थापित डम्पर सिम्युलेटर सुविधा का उद्घाटन किया, जिसका उद्देश्य एच.ई.एम.एम ऑपरेटरों के कौशल विकास एवं सुरक्षित संचालन संबंधी प्रशिक्षण को और अधिक प्रभावी बनाना है।
इस दौरान निदेशक (मानव संसाधन) डॉ. हेमंत शरद पांडे ने स्वयं सिम्युलेटर का अनुभव लिया तथा प्रशिक्षण अधोसंरचना के आधुनिकीकरण की दिशा में किए गए इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण से न केवल ऑपरेटरों की दक्षता में वृद्धि होगी, बल्कि खनन कार्यों में सुरक्षा मानकों को भी और सुदृढ़ किया जा सकेगा।
उन्होंने संस्थान में एक नया टिपर सिम्युलेटर लगाने तथा भविष्य में कांट्रेक्चुअल वर्कर्स की भी टिपर सिम्युलेटर पर ट्रेनिंग कराने के दिशा निर्देश दिए। इस अत्याधुनिक प्रशिक्षण सुविधा का विस्तार संविदा कर्मियों एवं ठेका एजेंसियों के ऑपरेटरों तक भी किया जाएगा, ताकि उनके परिचालन कौशल, मशीन हैंडलिंग दक्षता तथा सुरक्षा के प्रति जागरूकता में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके।
निदेशक (मानव संसाधन) ने निर्देशित किया कि विभिन्न ठेका कंपनियों द्वारा संचालित एच.ई.एम.एम मशीनों से संबंधित सॉफ्टवेयर एवं परिचालन मॉड्यूल्स को भी सिम्युलेटर प्रणाली में शामिल किया जाए, जिससे सभी ऑपरेटरों को वास्तविक कार्य परिस्थितियों के अनुरूप समग्र एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके।
डॉ. हेमंत शरद पांडे ने चंद्रपुर क्षेत्र की दुर्गापुर ओपन कास्ट कोल क्रशिंग साइट एवं भटाड़ी ओपन कास्ट माइंस का निरीक्षण किया। उन्होंने क्रश कोल डिस्पैच की समीक्षा कर प्रेषण बढ़ाने के निर्देश दिए तथा दुर्गापुर एवं भटाड़ी माइंस से रोप कन्वेयर एवं ट्यूब कन्वेयर बेल्ट के माध्यम से डिस्पैच बढ़ाकर महाजेनको को निर्बाध कोयला आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर चंद्रपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री संजीव रेड्डी, महाप्रबंधक (संचालन) श्री हरेश कुमार गावली, WCL मुख्यालय से महाप्रबंधक (कॉर्पोरेट अफेयर्स) श्री अनिल नायर, दुर्गापुर उपक्षेत्र प्रबंधक श्री चेतन कुमार जैन, एच.ई.एम.एम संस्थान के प्राचार्य श्री आर. ई. करमाकर सहित यूनियन पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
निदेशक (मानव संसाधन) का यह दौरा WCL की क्षमता संवर्धन, उन्नत तकनीक के समावेशन तथा खनन कार्यों में सुरक्षा संस्कृति को तथा अधिक सशक्त बनाने की सतत प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









