कोरबा (आईपी न्यूज)। नगरीय निकाय का चुनावी शोर गुरुवार की शाम को थम जाएगा। शुक्रवार को बगैर किसी शोर शराबे के घर- घर दस्तक देने का काम होगा। मतदाताओे का समर्थन हासिल करने के लिए प्रत्याशी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इधर, नगर पालिक निगम, कोरबा के चुनाव में कोरबा जिला ही नहीं प्रदेश के लोगों की भी निगाहें हैं। क्योंकि विधानसभा अध्यक्ष डा. चरणदास महंत, प्रदेश के राजस्व मंत्री जयसिह अग्रवाल और सांसद ज्योत्सना महंत का कोरबा से वास्ता है। कांग्रेस, भाजपा दोनों दलों के टारगेट में निगम का मेयर पद हैै। खासकर कांग्रेस ने इस लिहाज से ही उम्मीदवारों को मैदान पर उतारा है। इस मामले में भाजपा थोड़ा पीछे रही है। निगम क्षेत्र के 67 में ज्यादातर वार्डों में कांग्रेस बनाम भाजपा उम्मीदवारों के बीच मुकाबला हो रहा है। दोनों ही दल किसी भी स्थिति में 34 के जादुई आंकड़े तक पहुंचने की जुगत में है। करीब 15 वार्ड ऐसे हैं जहां कांग्रेस, भाजपा से परे दूसरे दल और निर्दलीय खासी टक्कर दे रहे हैं। ये उम्मीदवार कांग्रेस, भाजपा का खेल बिगाड़ने का काम कर सकते हैं। कांग्रेस का दावा है कि उसके विजयी प्रत्याशियों का आंकड़ा 35 पार पहुंचेगा और शहर सरकार पर पार्टी काबिज होगी। वैसे मैदानी रिपोर्ट के अनुसार काफी हद तक यह दावा हकीकत में तब्दील होता दिखाई पड़ रहा है। माना जा रहा है कि कांग्रेस 34 वार्डों में सफलता प्राप्त कर सकती है। दूसरी भाजपा को भी पूरी उम्मीद है कि 34 के आंकड़े को पार्टी पार करेगी और अपना महापौर बनाएगी। हालांकि किसके दावे मे कितना दम है यह तो 24 दिसम्बर को ही बता चलेगा।

  • Website Designing