कोरबा (आईपी न्यूज)। छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी में जिलाध्यक्षों के चुनाव को लेकर माथापच्ची हो रही है। बताया गया है कि पार्टी हाइकमान सर्वसम्मति से जिलाध्यक्ष को चुने जाने के पक्ष में हैं, लेकिन ज्यादातर जिलों में ऐसी स्थिति निर्मित होती नहीं दिख रही है। शनिवार को इस संदर्भ में रायपुर में बैठक भी हुई। इधर, जिला कोरबा में छह दावेदारों के नाम सामने आए हैं। इनमें गोपाल मोदी, राजेन्द्र अग्रवाल, राजेन्द्र पांडेय, सतविन्दर बग्गा, तरूण मिश्रा, संजय भावनानी शामिल हैं। राजेन्द्र अग्रवाल व सतविन्दर बग्गा अभी जिला उपाध्यक्ष हैं। जबकि तरूण मिश्रा, संजय भावनानी जिला महामंत्री का दायित्व संभाल रहे हैं। वर्तमान अध्यक्ष अशोक चावलानी भी पद पर बने रहने के इच्छुक बताए जा रहे हैं। हालांकि कोरबा के जिलाध्यक्ष के पद पर नए व्यक्ति का बैठना तय है। नगरीय निकाय चुनाव नए जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में होगा। कोरबा में भाजपा को विधानसभा व लोकसभा चुनावों में पिछड़ना पड़ा था। विधानसभा की चार में केवल एक सीट पर ही पार्टी को जीत मिली थी। नगर पालिक निगम पर भी कांग्रेस का कब्जा है। जिले में पार्टी कई गुटों में बंटी हुई है। ऐसे में नए जिलाध्यक्ष के सामने सबसे पहले पार्टी में व्याप्त गुटबाजी से निपटने की चुनौती होगी। बताया गया है कि जिलाध्यक्ष चयन के लिए 24 नवम्बर को जिले में बैठक होगी।

  • Website Designing