कोरबा (आईपी न्यूज)। कोरबा जिले में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। शीत ऋतु में लोग स्नान के लिए गर्म पानी की व्यवस्था करते हैं। इसके लिए घरों में गीजर लगाया जाता है या इमरशन राड का इस्तेमाल किया जाता है। या फिर पारंपरिक तरीके से चूल्हे वगैरा में बर्तन रख पानी का गर्म किया जाता है। इधर, कोरबा शहर का एक ऐसा इलाका है जहां के लोगों को प्राकृतिक रूप से गर्म मिलता है। शुक्रवार को इस इलाके में पहुंची कलेक्टर किरण कौशल को भी इसे देख आश्चर्य हुआ। इन दिनों नगर पालिक निगम क्षे़त्र में महा स्वच्छता अभियान चल रहा है। खास बात यह है कि इस अभियान की निगरानी कलेक्टर किरण कौशल सीधे कर रही हैं। 25 नम्वबर से प्रातः निगम के अफसरों के साथ वार्डों के दौरे पर निकलने का सिलसिला चल रहा हैं। कलेक्टर जब ढोढ़ीपारा बस्ती पहुंची तो उन्हें मोहल्लों में जगह- जगह ढोढ़ियां पानी एकत्र वाला स्थान मिलीं। इन ढोढ़ियों के साफ पानी को देखकर उन्होंने इसकी जानकारी। मोहल्ले के लोगों ने कलेक्टर को बताया कि इन ढोढ़ियों में ठंड के सीजन में भी पानी गर्म रहता है। फिर क्या था कलेक्टर ने एक ढोढ़ी में हाथ डाल कर पानी को छुआ और आश्चर्य व्यक्ति किया कि इतनी ठंड में भी पानी गर्म है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि बस्ती में इस तरह की 18 पानी की ढोढ़ियां हैं। जहां बारह माह पानी का भराव रहता है। खास बात यह कि इन ढोढ़ियों का पानी सर्द में गर्म और गर्म सीजन में ठंडा रहता है। यह पानी लोगों की निस्तारी के काम आता है। कलेक्टर ने निगम के अफसरों को पानी को और साफ सुथरा रखने के लिए जरूरी इंतजाम करने कहा। बस्ती के समीप से ढेंगूरनाला और हसदेव नदी गुजरती है। इसी कारण यहां की ढोढ़ियों का पानी धरातल तक रहता है। कलेक्टर के साथ एडीएम संजय अग्रवाल, निगम के अपर आयुक्त अशोक शर्मा भी थे।

 

  • Website Designing