तोकियो 2020 ओलिम्पिक के आयोजनकर्ताओं ने खेलों के दौरान कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए कल कड़े उपायों की घोषणा की। इनमें खिलाडि़यो का रोजाना कोविड परीक्षण करने की योजना भी शामिल है। ओलिम्पिक खेल शुरू होने में मात्र तीन महीने का समय बचा है और जापान में टीकाकरण अभियान धीमी गति से चल रहा है। इस वजह से खेलों के आयोजन के बारे में चिंताए उठनी शुरू हो गई है।

प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा को लोगों के नाराज़गी का सामना करना पड़ रहा है। श्री सुगा ने ओलिम्पिक समय पर आयोजित करने का संकल्‍प दोहराया है। विदेशी दर्शकों पर पहले ही रोक लगा दी गई है, जबकि घरेलू दर्शकों के बारे में फैसला जून में लिया जायेगा। जापान में ओलिम्पिक खेल 23 जुलाई से शुरू होने है।

तोकियो 2020 की आयोजन समिति के अध्‍यक्ष सेइको हाशिमोतो ने कहा है कि आयोजक जहां तक संभव हो सके बड़ी संख्‍या में दर्शकों को खेलों को देखते की अनुमति देना चाहते हैं और वे उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव उपाय करने को तैयार है। अंतर्राष्‍ट्रीय ओलिम्पिक समिति और जापान की सरकार ने एक संयुक्‍त बयान में कहा कि वे कोविड रोकथाम के लिए हर संभव उपाय करेंगे और सुरक्षा उनकी उच्‍च प्राथमिता सूची में शामिल है।

  • Website Designing