नई दिल्ली (आईपी न्यूज)। दुनिया के सबसे बड़े आईपीओ के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया गया है। सबसे बड़ी तेल कंपनी सऊदी अरामको का मूल्य 1710 अरब डॉलर तक आंका गया है। अरामको ने कहा कि वह आरंभिक सार्वजनिक निर्गम के तहत कंपनी की 1.5 फीसदी हिस्सेदारी बेचेगा। शुरू में 5 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की योजना थी। 1.5 फीसदी हिस्सेदारी 24 से 25.6 अरब डॉलर तक हो सकती है। कंपनी का यह आईपीओ चीन की कंपनी अलीबाबा के 25 अरब डॉलर के आईपीओ के बाद दूसरा सबसे बड़ा आईपीओ होगा। सऊदी अरामको ने कहा कि उसने निवेशकों से 30-32 सऊदी रियाल (करीब 570 रुपये) प्रति शेयर के भाव पर बोलियां स्वीकार करनी शुरू कर दी है।
ज्यादा मुनाफा कमाने वाली तेल कंपनी
सऊदी अरामको दुनिया की सबसे अधिक मुनाफे वाली तेल कंपनी है। दुनिया की कच्चे तेल की जरूरत की 10 प्रतिशत की पूर्ति अकेले यह कंपनी करती है। कंपनी रोजाना 10 मिलियन बैरल क्रूड ऑयल का उत्पादन करती है। कंपनी की कमाई 356,000 मिलियन अमरीकी डॉलर है। प्रत्येक मिनट में 15 करोड़ रुपये की कमाई होती है। एक रिपोर्ट के अनुसार 2018 में सउदी अरामको ने 111 अरब डॉलर का मुनाफा कमाया था। यह मुनाफा ऐप्पल और गूगल की कंपनी एल्फाबेट के कुल सालाना मुनाफे से भी अधिक है। फोर्ब्स की मानें तो ये दुनिया की सबसे अधिक मुनाफा कमाने वाली कंपनी है। साल 2017 में इनकम टैक्स के रूप में सउदी आरामको ने लगभग 100 अरब डॉलर चुकाए थे।

  • Website Designing