रांची (IP News). भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड (BPCL) के निजीकरण के खिलाफ आहूत दो दिवसीय अखिल भारतीय हड़ताल के समर्थन में मंगलवार को संयुक्त ट्रेड यूनियन और श्रमिक फेडरेशन ने पूरे राज्य भर मे प्रदर्शन कर एकजुटता दिखाई।

इसी क्रम मे सीटू, एक्टू और एटक ने रांची मे कोकर स्थित बीपीसीएल के क्षेत्रीय कार्यालय और रांची रेलवे स्टेशन के पास अवस्थित भारत पेट्रोलियम के मुख्य डिपो के समक्ष प्रदर्शन किया। भारत पेट्रोलियम को निजी हाथों में बेचना बंद करो, अडानी अंबानी की जागिर नहीं ये हिंदुस्तान हमारा है, बीपीसीएल के कर्मचारी संघर्ष करो हम तुम्हारे साथ हैं जैसे जोरदार नारों के साथ बीपीसीएल क्षेत्रीय कार्यालय का मुख्य गेट जाम कर घंटो प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शन के माध्यम से भारत सरकार के प्राकृतिक गैस और पेट्रोलियम मंत्रालय के कैबिनेट मंत्री को संबोधित मांगपत्र बीपीसीएल के क्षेत्रीय प्रबंधक को सौंपा गया। प्रदर्शन और सभा को संबोधित करते हुए एक्टू के प्रदेश महासचिव शुभेंदु सेन और सीटू के महासचिव प्रकाश विप्लव ने कहा कि सालाना आठ हजार करोड़ का मुनाफा देने वाली बीपीसीएल को निजी हाथों में देना देश की अर्थव्यवस्था के लिए आत्मघाती साबित होगा।

सरकारी संपत्तियों को बेचना कहीं से भी देशहित में नहीं है। मोदी सरकार के इस निर्णय से उसका कथित राष्ट्रवाद का नारा भी बेनकाब हो गया है। इसलिए पेट्रोलियम कामगारों की यह देशव्यापी हड़ताल देश को बचाने की देशभक्ति पूर्ण कार्रवाई है। हम देश भर के संघर्षशील बीपीसीएल कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन करते हैं और केंद्र की मोदी सरकार से मांग करते हैं कि निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने के बजाय मजदूर कर्मचारियों और देश की सरकारी संपत्तियों को बचाने का फैसला ले। जब देश के मजदूर कर्मचारी बचेंगे तभी देश बचेगा।

कार्यक्रम में एक्टू के भुवनेश्वर केवट, जगरनाथ पुरी, भीम साहू राम कुमार लोहरा, इनामुल हक, सीमा कोरिया, सरिता फिगर प्रकाश उरांव, बैंक इंप्लाइज फेडरेशन के एमएल सिंह एफएमआरएआई के अनिर्बान बोस। एटक के सच्चिदानंद मिश्र ने मुख्य रूप से संबोधित किया।

  • Website Designing