लखनऊ। शिया धर्म गुरू और ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष मौलाना कल्बे सादिक का मंगलवार रात इंतकाल हो गया। बुधवार को लखनऊ के यूनिटी कॉलेज में नमाज ए जनाजा पढ़ी गई। जिसमें प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में अलग-अलग धर्मों के लोग शामिल हुए। महंत देव्यागिरी भी उन्हें श्रद्घांजलि देने के लिए पहुंचीं।

मनकामेश्वर मंदिर की महंत देव्यागिरि ने कहा कि मनकामेश्वर बाबा से मौलाना कल्बे सादिक की आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हैं। साथ ही उनके परिजनों, मित्रों और शिया समुदाय को इस गहरे सदमे को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना करते हैं।

अयातुल्ला खामनेई के भारत में प्रतिनिधि आयतुल्लाह मेहंदी मेहंदवी ने नमाज ए जनाजा पढ़ाई। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को सुपुर्दे खाक करने के लिए लखनऊ छोटे इमामबाड़ा स्थित गुफरान मॉब ले जाया गया।
उनकी अंतिम यात्रा में हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे।

प्रधानमंत्री ने मौलाना कल्बे सादिक के निधन पर दुख व्यक्त किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मौलाना कल्बे सादिक के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उनके परिजनों और प्रियजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मौलाना कल्बे सादिक ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि मौलाना ने सामाजिक सदभाव और भाईचारे के लिए उल्लेखनीय प्रयास किए।

  • Website Designing