नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अगुवाई में शुक्रवार को विपक्षी दलों की वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से एक बैठक होगी जिसमें कोरोना वायरस महामारी के बीच प्रवासी श्रमिकों की स्थिति और मौजूदा संकट से निपटने के लिए सरकार की ओर से उठाए गए कदमों एवं आर्थिक पैकेज पर मुख्य रूप से चर्चा की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक की अध्यक्षता करेंगी। करीब 17 राजनीतिक दलों ने इस बैठक में शामिल होने पर सहमति जताई है।

शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि इस बैठक के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे भी शामिल होंगे। समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने अब तक बैठक में शामिल होने की पुष्टि नहीं की है। यह बैठक शुक्रवार को तीन बजे बुलाई गई है। कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने से रोकने के लिए गत 25 मार्च से देश में लॉकडाउन लगने के बाद बड़ी संख्या में श्रमिक बड़े शहरों से अपने घर जाने के लिए पैदल निकल गए हैं। कई जगहों पर हुई दुर्घटनाओं में कई मजदूरों की मौत भी हो गई है।

विपक्षी दलों ने सरकार पर प्रवासी श्रमिकों से जुड़े इस संकट से निपटने में विफल रहने का आरोप लगाया है। बैठक में, कुछ प्रदेशों में श्रम कानूनों में किए गए हालिया बदलावों को लेकर भी चर्चा होगी। कुछ राज्यों में श्रम कानूनों में बदलाव करते हुए कामकाज के घंटों को बढ़ाया गया है।

कांग्रेस ने कहा- सोनिया के खिलाफ मामला दर्ज करना प्रतिशोध की राजनीति

कांग्रेस ने कर्नाटक में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की निंदा करते हुए गुरुवार को कहा कि यह प्रतिशोध की राजनीति है और इसके लिए कर्नाटक सरकार को शर्म आनी चाहिए। पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने संवाददाताओं से कहा, ” यह अत्यंत निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। हमारे ट्विटर हैंडल से सिर्फ पीएम केयर्स को लेकर ही सवाल किया गया था। हमें विश्वास नहीं हो रहा है कि ये लोग राजनीतिक प्रतिशोध के तहत इस हद तक चले जाएंगे। कर्नाटक सरकार को शर्म आनी चाहिए।

उन्होंने कहा, ”हम एक लोकतंत्र में हैं। लोकतंत्र में विपक्ष को सवाल उठाने का अधिकार है। हम फिर से सवाल कर रहे हैं जब पीएम केयर्स कोष में पैसा है तो श्रमिकों की मदद क्यों नहीं की जा रही है? गौरतलब है कि पीएम केयर्स फंड के खिलाफ कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गए एक ट्वीट के संबंध में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ कर्नाटक में एक मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक शिवमोगा जिले में सागर कस्बे की पुलिस ने बुधवार को प्रवीण के वी नामक व्यक्ति की शिकायत पर मामला दर्ज किया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट में ‘निराधार आरोप लगाकर जनता के बीच अविश्वास पैदा करने का प्रयास किया गया है।

  • Website Designing