Advertisement

Japan Earthquake : टोक्यो, 25 जून 2026। जापान के उत्तर-पूर्वी तट पर गुरुवार को 6.9 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। हालांकि राहत की बात यह रही कि सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई और शुरुआती रिपोर्टों में किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

जापान सरकार ने भूकंप के बाद स्थिति पर नजर रखने के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया दल का गठन किया है। मुख्य कैबिनेट सचिव मिनोरू किहारा ने बताया कि सरकार राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार है।

भूकंप का केंद्र समुद्र में

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के अनुसार, भूकंप का केंद्र इवाते प्रांत (Iwate Prefecture) के तट से दूर समुद्र में था और इसकी गहराई लगभग 50 किलोमीटर दर्ज की गई। एजेंसी ने कहा कि सुनामी का खतरा नहीं है, हालांकि समुद्र के जलस्तर में मामूली बदलाव संभव है।

Advertisement

कई इलाकों में तेज झटके

जापान के 0 से 7 तीव्रता पैमाने पर आओमोरी प्रांत (Aomori Prefecture) में झटकों की तीव्रता 6-प्लस दर्ज की गई। इस स्तर के झटकों में लोगों के लिए खड़े रहना या सामान्य रूप से चलना मुश्किल हो जाता है।

परमाणु संयंत्र सुरक्षित

तोहोकू इलेक्ट्रिक पावर ने बताया कि ओनागावा (Onagawa) और हिगाशिदोरी (Higashidori) परमाणु ऊर्जा संयंत्रों में कोई असामान्यता नहीं पाई गई। वहीं, जापान परमाणु नियामक प्राधिकरण के अनुसार अन्य परमाणु सुविधाएं भी सुरक्षित हैं।

रेल और सड़क सेवाओं पर असर

भूकंप के बाद सुरक्षा जांच के लिए ईस्ट जापान रेलवे ने तोहोकू शिंकानसेन (बुलेट ट्रेन) सहित कुछ रेल सेवाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया। इसके अलावा, आओमोरी क्षेत्र के कुछ एक्सप्रेसवे भी निरीक्षण के लिए बंद किए गए।

भूकंप प्रभावित देशों में शामिल है जापान

जापान दुनिया के सबसे अधिक भूकंप प्रभावित देशों में से एक है। विश्व में 6 या उससे अधिक तीव्रता वाले लगभग 20% भूकंप जापान और उसके आसपास के क्षेत्र में आते हैं।

गौरतलब है कि मार्च 2011 में जापान के उत्तर-पूर्वी तट पर 9.0 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप और उसके बाद आई सुनामी ने भारी तबाही मचाई थी। इसी घटना के कारण फुकुशिमा परमाणु दुर्घटना हुई, जिसे चेर्नोबिल के बाद दुनिया की सबसे बड़ी परमाणु आपदाओं में गिना जाता है।

industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join

IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce

Advertisement