सोनभद्र (उत्तर प्रदेश), 25 जून 2026 : अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ (BMS) के आह्वान पर भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ, बीना-सोनभद्र (उ.प्र.) के नेतृत्व में जेबीसीसीआई- XII (JBCCI- XII) के गठन में हो रही देरी के विरोध में छह दिवसीय आंदोलनात्मक कार्यक्रम का पहला दिन गुरुवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
आंदोलन के तहत एनसीएल की ककरी, बीना, कृष्णशिला एवं खड़िया परियोजनाओं के समयपाल कार्यालयों के समक्ष प्रातः 8 बजे सामान्य पाली सहित तीनों पालियों में धरना-प्रदर्शन, गेट मीटिंग और नारेबाजी कर प्रबंधन का ध्यान श्रमिकों की मांगों की ओर आकर्षित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रमिक शामिल हुए।
ककरी परियोजना में जेबीसीसीआई- XII गठन की मांग
ककरी समयपाल कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री एस.डी. तिवारी ने तथा संचालन श्री नागेन्द्र चौरसिया ने किया। मुख्य वक्ता महामंत्री श्री पवन कुमार शर्मा ने कहा कि प्रबंधन जानबूझकर जेबीसीसीआई- XII के गठन में विलंब कर रहा है, जिससे श्रमिकों के वेतन, भत्तों एवं अन्य लंबित मुद्दों का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक जेबीसीसीआई- XII का गठन नहीं होगा, तब तक श्रमिकों को उनका अधिकार नहीं मिल सकेगा। उन्होंने आंदोलन को मांग पूरी होने तक जारी रखने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर जेसीसी सदस्य श्री बनारसी प्रसाद ने ककरी परियोजना की स्थानीय समस्याओं एवं उनके समाधान पर भी अपने विचार रखे।
बीना परियोजना से आंदोलन तेज करने की चेतावनी
बीना समयपाल कार्यालय में कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री बुद्धेश्वर सिंह तथा संचालन श्री अजय कुमार पटेल ने किया। मुख्य वक्ता एवं अध्यक्ष श्री मनोज सिंह ने कहा कि जेबीसीसीआई- XII का गठन एक संवैधानिक प्रक्रिया है और इसमें देरी श्रमिकों के अधिकारों का हनन है। उन्होंने कहा कि श्रमिक शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रख रहे हैं, लेकिन यदि प्रबंधन ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन और अधिक व्यापक एवं तेज किया जाएगा।
कृष्णशिला में बोले बीएमएस प्रदेश मंत्री

कृष्णशिला समयपाल कार्यालय में कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन अध्यक्ष सह केंद्रीय संगठन मंत्री श्री के.डी. तिवारी ने किया। मुख्य वक्ता एवं बीएमएस के प्रदेश मंत्री श्री अरुण कुमार दुबे ने कहा कि देश की ऊर्जा व्यवस्था कोयला श्रमिकों की मेहनत पर आधारित है, लेकिन उन्हीं श्रमिकों के हितों से जुड़े मुद्दे जेबीसीसीआई- XII के गठन में फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि गठन में हो रही देरी श्रमिक हितों के साथ अन्याय है और संगठन श्रमिकों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगा।
खड़िया परियोजना में श्रमिक हितों पर जोर
खड़िया समयपाल कार्यालय में कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री राजा विजय मिंज तथा संचालन श्री अमित यादव ने किया। मुख्य वक्ता एवं एनसीएल कल्याण समिति सदस्य श्री आर.पी. पाण्डेय ने कहा कि जेबीसीसीआई- XII के गठन में विलंब का सीधा असर श्रमिक कल्याण योजनाओं और कर्मचारियों के हितों पर पड़ रहा है। उन्होंने प्रबंधन से श्रमिक हित में शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।
इस अवसर पर संरक्षक एवं केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य श्री उदित शुक्ला ने भी जेबीसीसीआई-12 के शीघ्र गठन की आवश्यकता पर बल देते हुए संगठन की मांगों का समर्थन किया।
संगठन ने स्पष्ट किया कि छह दिवसीय आंदोलन आगामी दिनों में भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा और जब तक जेबीसीसीआई- XII का गठन नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









