फीफा वर्ल्ड कप 2026 (FIFA World Cup 2026) के ग्रुप-जी मुकाबले में मिस्र ने शानदार वापसी करते हुए न्यूजीलैंड को 3-1 से पराजित कर इतिहास रच दिया। मैच में मिस्र के कप्तान और स्टार फॉरवर्ड मोहम्मद सालाह ने निर्णायक गोल दागते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई और कई व्यक्तिगत रिकॉर्ड भी अपने नाम किए।
सालाह विश्व कप के दो अलग-अलग संस्करणों में गोल करने वाले मिस्र के पहले खिलाड़ी बन गए। इसके साथ ही 34 वर्ष और 9 दिन की उम्र में गोल कर उन्होंने विश्व कप में मिस्र के लिए गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बनने का गौरव भी हासिल किया। उन्होंने यह रिकॉर्ड मैग्डी अब्देलघनी का तोड़ा, जिन्होंने 1990 विश्व कप में नीदरलैंड्स के खिलाफ 30 वर्ष और 320 दिन की उम्र में गोल किया था।
न्यूजीलैंड की तेज शुरुआत, मिस्र की शानदार वापसी
मैच की शुरुआत से ही न्यूजीलैंड ने आक्रामक खेल दिखाया और 15वें मिनट में फिन सुरमन के शानदार हेडर की बदौलत 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। पहले हाफ में न्यूजीलैंड ने खेल पर नियंत्रण बनाए रखा और मिस्र को बराबरी का मौका नहीं दिया। यह पहली बार था जब मिस्र किसी विश्व कप मुकाबले में हाफ टाइम तक पिछड़ रहा था।
हालांकि, दूसरे हाफ में मिस्र पूरी तरह बदली हुई रणनीति के साथ मैदान पर उतरा। टीम ने लगातार हमले किए और न्यूजीलैंड के गोल पर दबाव बढ़ा दिया। मोहम्मद सालाह और इमाम अशौर ने कई अवसर बनाए, जबकि गोलकीपर मुस्तफा शोबेर ने अहम बचाव कर टीम को मुकाबले में बनाए रखा।
24 मिनट में पलटा पूरा मैच
मिस्र को 58वें मिनट में बराबरी मिली, जब जिको ने फ्री हेडर पर शानदार गोल करते हुए स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद 67वें मिनट में मोहम्मद सालाह ने अपनी शानदार फिनिशिंग का प्रदर्शन करते हुए बेहतरीन गोल दागा और मिस्र को 2-1 की बढ़त दिला दी।
सालाह के गोल के बाद न्यूजीलैंड ने वापसी की कोशिश की, लेकिन मिस्र का डिफेंस मजबूती से खड़ा रहा। मैच के 82वें मिनट में ट्रेजेगुएट ने तीसरा गोल कर मुकाबले को पूरी तरह मिस्र के पक्ष में कर दिया।
सालाह बने जीत के सबसे बड़े नायक
मोहम्मद सालाह के नेतृत्व में मिस्र ने न सिर्फ महत्वपूर्ण जीत दर्ज की, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि टीम बड़े मंच पर दबाव से उबरकर मुकाबला पलटने की क्षमता रखती है। इस जीत के साथ मिस्र ने ग्रुप-जी में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है, जबकि न्यूजीलैंड को टूर्नामेंट में आगे बढ़ने की उम्मीदों को जीवित रखने के लिए अगले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









