हजारीबाग, 25 जून 2026 : राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौता-12 (JBCCI-XII) के गठन में हो रहे विलंब के विरोध में अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ (BMS) द्वारा घोषित आंदोलनात्मक कार्यक्रम के तहत गुरुवार, 25 जून 2026 से 30 जून 2026 तक चलने वाले जन-जागरण अभियान का शुभारंभ किया गया।
इसी क्रम में सीसीएल कोलियरी कर्मचारी संघ (भारतीय मजदूर संघ संबद्ध), हजारीबाग क्षेत्र की ओर से झारखंड ओसीपी में प्रातः 8 बजे पिट ऑफिस परिसर तथा केदला ओसीपी में प्रातः 10 बजे परियोजना पदाधिकारी कार्यालय के समक्ष पिट एवं गेट मीटिंग आयोजित की गई। इन बैठकों में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया और राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौता- XII का शीघ्र गठन कर वार्ता प्रक्रिया शुरू करने की मांग उठाई।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि JBCCI- XII के गठन में लगातार हो रही देरी से कोयला उद्योग के लाखों श्रमिकों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कोल इंडिया प्रबंधन से श्रमिक हितों को ध्यान में रखते हुए बिना किसी और विलंब के वेतन समझौते की प्रक्रिया प्रारंभ करने की अपील की।
कार्यक्रम में केंद्रीय उपाध्यक्ष जी.पी. झा, क्षेत्रीय अध्यक्ष दासो महतो, क्षेत्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. राणा, क्षेत्रीय सचिव रणविजय सिंह, किशोर रजवार, कौशलेंद्र कुमार, केडी प्रसाद, लखनलाल सहित बड़ी संख्या में खनन कर्मी, महिला प्रतिनिधि तथा हजारीबाग क्षेत्र में संचालित मान्यता प्राप्त श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सभा के अंत में सभी कर्मचारियों से अपील की गई कि वे 30 जून तक चलने वाले जन-जागरण कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौता- XII के शीघ्र गठन की मांग को मजबूत करें तथा आंदोलन को सफल बनाएं।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









