शहडोल/सोहागपुर, 27 जून 2026 : भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ (BMS) के आह्वान पर शनिवार को एसईसीएल के सोहागपुर क्षेत्र स्थित खैरहा भूमिगत खदान के मुख्य द्वार पर 12वें राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौते (NCWA- XII) तथा जेबीसीसीआई (JBCCI) के तत्काल गठन की मांग को लेकर गेट मीटिंग एवं जन-जागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कोयला कर्मचारियों एवं संगठन के कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर मजदूर एकता का प्रदर्शन किया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि 30 जून 2026 को 11वें राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौते (NCWA-XI) की अवधि समाप्त हो रही है, लेकिन अब तक 12वें वेतन समझौते के लिए जेबीसीसीआई का गठन नहीं किया गया है। उन्होंने इसे कोल इंडिया प्रबंधन की उदासीनता एवं श्रमिक हितों के प्रति असंवेदनशील रवैये का प्रतीक बताते हुए कहा कि कर्मचारियों के वेतन, सेवा शर्तों, सामाजिक सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाओं, आवास एवं अन्य वैधानिक अधिकारों से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर अब और विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ (बीएमएस) ने सबसे पहले एनसीडब्ल्यूए- XII एवं जेबीसीसीआई के गठन की मांग को लेकर आंदोलन की शुरुआत की थी। संगठन लगातार द्वार सभाओं, जन-जागरण अभियानों और विभिन्न आंदोलनों के माध्यम से कोयला कर्मचारियों की आवाज बुलंद कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक कर्मचारियों को उनका न्यायोचित अधिकार नहीं मिल जाता, तब तक संगठन का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
सभा में कंपनी कल्याण बोर्ड सदस्य एवं अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य महेंद्र पाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष ओंकार द्विवेदी, क्षेत्रीय सह महामंत्री एवं क्षेत्रीय सुरक्षा समिति सदस्य अंकित मिश्रा, क्षेत्रीय सह कल्याण समिति सदस्य मंजीत सिंह, क्षेत्रीय कार्यालय मंत्री शैलेश परौहा, खैरहा इकाई अध्यक्ष अभिषेक सिंह बघेल, इकाई सचिव विकास सिंह बघेल, जेसीसी सदस्य शुभम श्रीवास्तव, हीरालाल सोनी, महेश जायसवाल एवं रोहिणी तिवारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने कर्मचारियों को संबोधित किया।
नेताओं ने कहा कि यदि शीघ्र ही जेबीसीसीआई का गठन कर 12वें राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौते की वार्ता प्रारंभ नहीं की गई, तो भारतीय मजदूर संघ अपने केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं निर्णायक रूप देगा। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी कोल इंडिया प्रबंधन की होगी।
सभा के समापन पर उपस्थित कर्मचारियों ने “जेबीसीसीआई का तत्काल गठन करो”, “एनसीडब्ल्यूए-12 शीघ्र लागू करो”, “भारतीय मजदूर संघ जिंदाबाद” और “मजदूर एकता जिंदाबाद” के गगनभेदी नारों के साथ अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष को और तेज करने का संकल्प लिया।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









