Friday, July 3, 2026
Home Industrial (हिंदी) एम्प्लोयी एवं यूनियन WCL में भूमिगत कैडर के कर्मचारियों को मिली राहत, शिवकुमार यादव के...

WCL में भूमिगत कैडर के कर्मचारियों को मिली राहत, शिवकुमार यादव के हस्तक्षेप पर संशोधित हुआ आदेश

सर्फेस कार्य में वर्षों से पदस्थ कर्मचारियों को कैरियर ग्रोथ का मिलेगा लाभ, प्रबंधन ने संशोधित नोटिस किया जारी

Advertisement

नागपुर। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) में भूमिगत कैडर के उन कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है, जो लंबे समय से सर्फेस कार्यों में अस्थायी रूप से पदस्थ हैं। कोयला श्रमिक सभा के केंद्रीय अध्यक्ष शिवकुमार यादव के हस्तक्षेप के बाद कंपनी प्रबंधन ने अपने पूर्व आदेश में संशोधन करते हुए पात्र कर्मचारियों को भी प्रक्रिया में शामिल करने का निर्णय लिया है।

इसे भी पढ़ें: JBCCI- XII का गठन: अब आगे क्या? रांची में रणनीति बनाएंगी चार यूनियन, 7 जुलाई को BMS की अहम बैठक

जानकारी के अनुसार, वेकोली मुख्यालय के उपमहाप्रबंधक (मानव संसाधन/औद्योगिक संबंध) कार्यालय द्वारा 19 जून 2026 को सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधकों को एक नोटिस जारी किया गया था। इसमें ऐसे भूमिगत कैडर के कर्मचारियों की सूची मांगी गई थी, जो पिछले पांच वर्षों से अधिक समय से अस्थायी रूप से ओपनकास्ट (सर्फेस) में कार्यरत हैं, ताकि उन्हें स्थायी पदस्थापना और कैरियर ग्रोथ का लाभ दिया जा सके।

हालांकि कर्मचारियों ने इस नोटिस में एक महत्वपूर्ण विसंगति की ओर ध्यान आकर्षित किया। उनका कहना था कि बड़ी संख्या में ऐसे कर्मचारी भी हैं, जो भूमिगत खदानों के सर्फेस कार्यों अथवा अन्य सर्फेस कार्यों में वर्षों से कार्यरत हैं, लेकिन नोटिस में केवल “ओपनकास्ट” का उल्लेख होने के कारण वे इस प्रक्रिया से बाहर हो सकते हैं।

Advertisement

इस संबंध में कर्मचारियों ने कोयला श्रमिक सभा के केंद्रीय अध्यक्ष शिवकुमार यादव से संपर्क किया। उन्होंने 22 जून 2026 को वेकोली के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे तथा निदेशक (मानव संसाधन एवं वित्त) विक्रम घोष के समक्ष यह मुद्दा उठाया और कर्मचारियों की चिंता से अवगत कराया।

बताया जाता है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमडी डॉ. हेमंत शरद पांडे ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नोटिस में आवश्यक संशोधन किया जाए। इसके बाद 23 जून 2026 को संशोधित आदेश जारी किया गया, जिसमें स्पष्ट किया गया कि भूमिगत कैडर के वे सभी कर्मचारी, जो पिछले पांच वर्षों से अस्थायी रूप से किसी भी प्रकार के सर्फेस कार्य में पदस्थ हैं, उनकी सूची तैयार कर मुख्यालय को भेजी जाए।

इसे भी पढ़ें: भूमि अधिग्रहण से प्रभावित 76 भू-आश्रितों को WCL ने सौंपे नियुक्ति पत्र

इस संशोधन से ऐसे कर्मचारियों को स्थायी पदस्थापना और कैरियर ग्रोथ से संबंधित प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा। आदेश में संशोधन के बाद कर्मचारियों ने कोयला श्रमिक सभा के केंद्रीय अध्यक्ष शिवकुमार यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।

industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join

IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce

Advertisement
भारत के सर्वाधिक कोयला भंडार वाले सात राज्यों के बारे में जानें: वित्तीय वर्ष 2025- 26 : कोल इंडिया लिमिटेड की टॉप- 10 खदान कोल इंडिया ने डिस्पैच का टारगेट भी किया कम, देखें 2026- 27 का कंपनीवार नया लक्ष्य कोल इंडिया ने घटाया लक्ष्य, देखें 2026- 27 का कंपनीवार नया टारगेट कोल इंडिया लिमिटेड के 10 वर्षों का उत्पादन और प्रेषण के बारे में वित्तीय वर्षवार जानें