कोरबा, 5 July (IndustrialPunch Desk) : वेदांता एल्यूमिनियम मेटल लिमिटेड की भारत एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (BALCO) ने अपने 1,740 मेगावाट क्षमता वाले कैप्टिव थर्मल पावर प्लांट के संचालन एवं रखरखाव (Operation & Maintenance-O&M) का लगभग ₹2,049.80 करोड़ का पांच वर्षीय अनुबंध STEAG Energy Services (India) Private Limited को प्रदान किया है। यह कंपनी Bluspring Enterprises Limited की पूर्ण स्वामित्व वाली स्टेप-डाउन सहायक कंपनी है। अनुबंध 1 जुलाई 2026 से प्रभावी हो गया है।
इस अनुबंध के तहत STEAG Energy Services अगले 60 महीनों (5 वर्ष) तक BALCO के कोरबा स्थित कैप्टिव पावर प्लांट का व्यापक संचालन एवं रखरखाव (Comprehensive O&M) करेगी। इसमें प्लांट का सुरक्षित एवं निर्बाध संचालन, नियमित रखरखाव, उपकरणों की विश्वसनीयता बनाए रखना, दक्षता में सुधार तथा बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करना शामिल होगा।
BALCO का 1,740 मेगावाट (1200 mw + 540 mw) का कैप्टिव पावर प्लांट कंपनी के एल्युमिनियम स्मेल्टर को निरंतर बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कंपनी का मानना है कि अनुभवी O&M सेवा प्रदाता के साथ यह साझेदारी परिचालन दक्षता बढ़ाने, ऊर्जा उपलब्धता में सुधार करने और उत्पादन को अधिक विश्वसनीय बनाने में सहायक होगी।
वहीं, Bluspring Enterprises Limited के लिए भी यह अनुबंध एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। लगभग ₹2,050 करोड़ मूल्य का यह ऑर्डर कंपनी को अगले पांच वर्षों तक स्थिर कारोबार प्रदान करेगा और ऊर्जा क्षेत्र में उसकी उपस्थिति को और मजबूत करेगा।
औद्योगिक विशेषज्ञों के अनुसार, यह देश के बड़े औद्योगिक O&M अनुबंधों में से एक है। इससे आधुनिक रखरखाव प्रणाली, बेहतर तकनीकी प्रबंधन और उच्च प्लांट उपलब्धता सुनिश्चित होने की उम्मीद है। साथ ही, यह अनुबंध भारत के औद्योगिक ऊर्जा एवं इंजीनियरिंग सेवा क्षेत्र के लिए भी एक महत्वपूर्ण विकास माना जा रहा है।
BALCO लगातार उत्पादन क्षमता बढ़ाने, ऊर्जा दक्षता में सुधार और आधुनिक तकनीकों को अपनाने की दिशा में निवेश कर रही है। कंपनी का लक्ष्य सुरक्षित, टिकाऊ और प्रतिस्पर्धी औद्योगिक संचालन के माध्यम से देश के एल्युमिनियम क्षेत्र में अपनी अग्रणी स्थिति को और मजबूत करना है।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









