नागपुर, 8 जुलाई (IndustrialPunch Desk) : वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) डॉ. हेमंत शरद पांडे ने बुधवार को कंपनी के नागपुर क्षेत्र का व्यापक दौरा कर उत्पादन, कोयला परिवहन एवं डिस्पैच व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने भानेगांव, गोंडेगांव एवं अमलगमेटेड इंदर-कामठी ओपनकास्ट खदानों, डुमरी रेलवे साइडिंग तथा प्रमुख कोयला परिवहन मार्गों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. पांडे ने विशेष रूप से नागपुर क्षेत्र की सभी ओपनकास्ट खदानों से रेल साइडिंग के माध्यम से बिजली क्षेत्र को होने वाली कोयला आपूर्ति (Coal Dispatch to Power Sector) की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि देश की ऊर्जा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिजली संयंत्रों तक समय पर और निर्बाध कोयला आपूर्ति सुनिश्चित करना WCL की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
CMD ने कोयला परिवहन, स्टॉक प्रबंधन, डिस्पैच की गति तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को परिचालन दक्षता और बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोयले का उत्पादन तभी सार्थक है जब उसका समयबद्ध और सुचारु डिस्पैच सुनिश्चित हो।
डॉ. पांडे ने सुरक्षित एवं निर्बाध परिवहन व्यवस्था, समय पर रैक लोडिंग, डिस्पैच प्रक्रिया में तेजी तथा सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिजली क्षेत्र की मांग के अनुरूप कोयला आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए।
डुमरी साइडिंग के निरीक्षण के दौरान CMD ने साइडिंग प्रभारी एवं उनकी टीम से सीधे संवाद किया और उपलब्ध रेलवे अवसंरचना का अधिकतम उपयोग करते हुए अधिकतम कोयला डिस्पैच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने समयबद्ध रैक लोडिंग, परिचालन अनुशासन और बेहतर योजना के माध्यम से डिस्पैच क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि उत्पादन, परिवहन और विपणन विभागों के बीच प्रभावी समन्वय से न केवल WCL की परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी, बल्कि बिजली क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप कोयले की निर्बाध एवं समय पर आपूर्ति भी सुनिश्चित की जा सकेगी।
इस अवसर पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री हर्षद दातार, महाप्रबंधक (उत्पादन) श्री ए.पी. सिंह तथा महाप्रबंधक (मार्केटिंग एवं सेल्स) श्रीमती बी. इंदिरा स्वर्णलता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









