नई दिल्ली। IndustrialPunch : बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल को टालने के लिए 22 सितंबर 2026 को हुई सुलह बैठक में भी कोई ठोस सहमति नहीं बन सकी। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 5-दिवसीय बैंकिंग लागू करने की मांग पर अपना रुख कायम रखा है।
मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) कार्यालय के समक्ष हुई बैठक में UFBU, वित्तीय सेवा विभाग, भारतीय बैंक संघ और बैंक प्रबंधन के प्रतिनिधि शामिल हुए। UFBU ने 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल तथा अक्टूबर 2026 में अनिश्चितकालीन हड़ताल का नोटिस दिया है।
बैठक में UFBU ने कहा कि यदि 5-दिवसीय बैंकिंग लागू करने को लेकर कोई ठोस समयसीमा सामने आती है तो हड़ताल टालने पर विचार किया जा सकता है। वहीं वित्तीय सेवा विभाग ने बताया कि 5-दिवसीय बैंकिंग का मुद्दा विचाराधीन है, लेकिन फिलहाल कोई निश्चित समयसीमा नहीं दी जा सकती।
UFBU ने कहा कि 8 मार्च 2024 के संयुक्त नोट के बावजूद अब तक पर्याप्त प्रगति नहीं हुई है। यूनियन ने शनिवार की अतिरिक्त छुट्टियों और कार्यघंटों की भरपाई का भी मुद्दा उठाया।
सुलह अधिकारी ने दोनों पक्षों से रचनात्मक बातचीत जारी रखने और सौहार्दपूर्ण समाधान की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की। हड़ताल नोटिस को सुलह प्रक्रिया में लिए जाने के कारण औद्योगिक संबंध संहिता, 2020 की धारा 62 के तहत आवश्यक अनुपालन पर भी संबंधित पक्षों का ध्यान आकर्षित कराया गया है।
- Join the IndustrialPunch WhatsApp Group:Click here
- industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join









