कोलकाता। IndustrialPunch : सार्वजनिक क्षेत्र की महारत्न कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड (Coal India Limited—CIL) की बोर्ड बैठक 29 अक्टूबर 2026 को आयोजित होगी। कंपनी की ओर से स्टॉक एक्सचेंज को दी गई सूचना के अनुसार, बैठक में वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही और पहली छमाही के अनऑडिटेड वित्तीय नतीजों पर विचार किया जाएगा।
इसके साथ ही वित्त वर्ष 2026-27 के लिए दूसरी अंतरिम डिविडेंड की घोषणा करने पर भी विचार किया जा सकता है। हालांकि, डिविडेंड की राशि और रिकॉर्ड डेट के संबंध में अभी कोई घोषणा नहीं की गई है।
29 अक्टूबर को आएंगे सितंबर तिमाही के वित्तीय नतीजे
कोल इंडिया का बोर्ड 30 सितंबर 2026 को समाप्त दूसरी तिमाही और वित्त वर्ष की पहली छमाही के अनऑडिटेड वित्तीय परिणामों पर विचार करेगा। इसमें कंपनी के स्टैंडअलोन और कंसोलिडेटेड नतीजे शामिल होंगे।
बोर्ड के समक्ष रखे जाने से पहले वित्तीय नतीजों की ऑडिट कमेटी द्वारा समीक्षा की जाएगी। इन नतीजों से कंपनी के राजस्व, लाभ और परिचालन प्रदर्शन की तस्वीर स्पष्ट होगी। निवेशकों की नजर विशेष रूप से इस बात पर रहेगी कि मानसून अवधि के दौरान उत्पादन और डिस्पैच की स्थिति का कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन पर कितना असर पड़ा है।
दूसरी अंतरिम डिविडेंड पर भी हो सकता है फैसला
बोर्ड बैठक का दूसरा महत्वपूर्ण एजेंडा वित्त वर्ष 2026-27 के लिए दूसरी अंतरिम डिविडेंड पर विचार करना है। यदि बोर्ड डिविडेंड घोषित करता है, तो कंपनी इसकी राशि और पात्र शेयरधारकों की पहचान के लिए रिकॉर्ड डेट जैसी जानकारी जारी कर सकती है।
इससे पहले कोल इंडिया ने जुलाई 2026 में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए ₹5.50 प्रति शेयर की पहली अंतरिम डिविडेंड घोषित की थी। अब निवेशकों की नजर दूसरी अंतरिम डिविडेंड पर है।
- Join the IndustrialPunch WhatsApp Group:Click here
- industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here







