नई दिल्ली। IndustrialPunch : खनन क्षेत्र में उत्पादन क्षमता और परिचालन दक्षता बढ़ाने के साथ महत्वपूर्ण खनिजों की खोज एवं रिकवरी को तेज करने के लिए वेदांता समूह (Vedanta Group) आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीकों को अपनाने की संभावनाएं तलाश रहा है। कंपनी का फोकस जटिल खनिज उत्पादन एवं प्रोसेसिंग प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाने और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्रिटिकल मिनरल्स के घरेलू संसाधनों का बेहतर उपयोग करने पर है।
वेदांता के अनुसार, AI का उपयोग भूवैज्ञानिक विश्लेषण (Geological Analysis) और मिनरल ब्लॉक मॉडलिंग में किया जा सकता है। इससे खनिज अन्वेषण से जुड़ी प्रक्रियाओं में लगने वाला समय काफी कम हो सकता है। कंपनी का अनुमान है कि जिन प्रक्रियाओं में वर्तमान में लगभग 3 से 4 महीने लगते हैं, उन्हें AI आधारित तकनीक की मदद से 6 से 7 दिनों में पूरा करने की संभावना है।
कोयले से वैनाडियम निकालने पर भी नजर
वेदांता पारंपरिक खनिज संसाधनों के अलावा ऐसे स्रोतों से भी रणनीतिक खनिजों की रिकवरी पर विचार कर रही है, जिनसे खनिज निकालना तकनीकी रूप से जटिल है। इनमें कोयले जैसे अपरंपरागत स्रोतों से वैनाडियम की रिकवरी भी शामिल है।
AI आधारित तकनीक खनिजों की पहचान, उत्पादन प्रक्रिया के डिजाइन और प्रोसेसिंग तकनीकों को बेहतर बनाने में मदद कर सकती है। इससे जटिल संसाधनों के उपयोग की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।
क्रिटिकल मिनरल्स पोर्टफोलियो का विस्तार
वेदांता समूह पोटाश, वैनाडियम, टंगस्टन सहित अन्य महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में भी अपनी मौजूदगी बढ़ाने पर काम कर रहा है। कंपनी की रणनीति ऐसे संसाधनों पर केंद्रित है, जिनकी खोज, निष्कर्षण और प्रसंस्करण तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण है।
माइनिंग वेस्ट से भी मूल्यवान धातुओं की रिकवरी
समूह की कंपनी हिंदुस्तान जिंक 10 मिलियन टन प्रतिवर्ष क्षमता वाली हाई-टेक टेलिंग्स रिसाइक्लिंग सुविधा विकसित कर रही है। इसके माध्यम से खनन के बाद बचने वाले अपशिष्ट से जिंक, लेड, सिल्वर और जर्मेनियम जैसे मूल्यवान धातुओं को रिकवर करने की योजना है।
- Join the IndustrialPunch WhatsApp Group : Click here
- industrial punch is now on Whatsapp Channels : Click here









