पटना। IndustrialPunch : भारत सरकार के कोयला एवं खान मंत्रालय के राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने बिहार के प्रसिद्ध सोनपुर मेले में कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) के स्टॉल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) के निदेशक (मानव संसाधन) गुंजन कुमार सिन्हा भी उपस्थित रहे।
सोनपुर मेले में लगाए गए कोल इंडिया के स्टॉल के माध्यम से देश की ऊर्जा सुरक्षा में कंपनी के योगदान, कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत संचालित पहलों, पर्यावरण अनुकूल उपायों और विविधीकरण योजनाओं को प्रदर्शित किया गया।
स्टॉल पर कोल इंडिया की आधुनिक खनन तकनीकों और उन्नत परिचालन क्षमताओं को प्रदर्शित करने के लिए लॉन्गवॉल (Longwall) तथा कंटीन्यूअस माइनर (Continuous Miner) तकनीक के मॉडल भी रखे गए। इन मॉडलों के माध्यम से आगंतुकों को आधुनिक कोयला खनन की प्रक्रियाओं और तकनीकी विकास की जानकारी दी गई।
ऊर्जा सुरक्षा और सामाजिक सरोकारों पर फोकस
स्टॉल में कोल इंडिया की ऊर्जा क्षेत्र में भूमिका के साथ-साथ सामाजिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। सीएसआर गतिविधियों, पर्यावरण हितैषी पहलों और भविष्य की विविधीकरण योजनाओं के माध्यम से कंपनी की व्यापक कार्यप्रणाली को दर्शाया गया।
सोनपुर मेले में कोल इंडिया की भागीदारी का उद्देश्य आम लोगों को देश की ऊर्जा जरूरतों, कोयला उद्योग की भूमिका और आधुनिक खनन तकनीकों से परिचित कराना है।
- Join the IndustrialPunch WhatsApp Group : Click here
- industrial punch is now on Whatsapp Channels : Click here









