Saturday, November 28, 2026
Home Industrial (हिंदी) पॉवर देश का सबसे बड़ा पावर हब बनने की ओर कोरबा, 13,383 MW...

देश का सबसे बड़ा पावर हब बनने की ओर कोरबा, 13,383 MW तक पहुंच सकती है उत्पादन क्षमता

निर्माणाधीन और प्रस्तावित परियोजनाएं पूरी होने पर यह क्षमता बढ़कर 13,383 मेगावाट तक पहुंचने का अनुमान है।

Advertisement

कोरबा। IndustrialPunch (Sadique Sheikh): छत्तीसगढ़ का कोरबा जिला आने वाले वर्षों में देश के सबसे बड़े ताप विद्युत उत्पादन केंद्र के रूप में उभर सकता है। अदाणी समूह के पताड़ी स्थित कोरबा पावर लिमिटेड (KPL) की विस्तार परियोजना की पहली 660 मेगावाट (MW) इकाई के चालू होने के बाद जिले की कुल स्थापित ताप विद्युत क्षमता बढ़कर 8,203 मेगावाट हो गई है। निर्माणाधीन और प्रस्तावित परियोजनाएं पूरी होने पर यह क्षमता बढ़कर 13,383 मेगावाट तक पहुंचने का अनुमान है।

कोरबा में इस समय केंद्र और राज्य सरकार के उपक्रमों के साथ निजी कंपनियों तथा औद्योगिक क्षेत्र के कैप्टिव पावर प्लांट भी बिजली उत्पादन में योगदान दे रहे हैं। इन संयंत्रों की वर्तमान स्थापित क्षमता के आधार पर कोरबा देश के प्रमुख ताप विद्युत उत्पादन केंद्रों में शामिल है।

यहां बताना होगा कि कोरबा जिले के पताड़ी स्थित अदाणी समूह के कोरबा पावर लिमिटेड की द्वितीय चरण की विस्तार परियोजना की पहली 660 मेगावाट क्षमता वाली इकाई 25 नवंबर 2026 को आधिकारिक रूप से चालू कर दी गई। इससे पहले इस यूनिट का ग्रिड सिंक्रोनाइजेशन किया गया था। दूसरे चरण की पहली 660 मेगावाट इकाई के चालू होने के बाद संयंत्र की स्थापित क्षमता बढ़कर 1,260 मेगावाट हो गई है।

दूसरे चरण की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी इकाई को भी उत्पादन में लाने की तैयारी चल रही है। इसके चालू होने के बाद पथाड़ी स्थित कोरबा पावर लिमिटेड की कुल क्षमता 1,920 मेगावाट हो जाएगी। अदाणी समूह ने कोरबा पावर लिमिटेड परिसर में तीसरे चरण के तहत 800- 800 मेगावाट की दो अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल इकाइयों की योजना भी तैयार की है।

Advertisement

कोरबा में वर्तमान में 8,203 मेगावाट क्षमता

वर्तमान में कोरबा जिले में सरकारी, निजी और कैप्टिव क्षेत्र के कुल 10 ताप विद्युत संयंत्रों की स्थापित क्षमता 8,203 मेगावाट बताई गई है। इनमें प्रमुख संयंत्र इस प्रकार हैं:

  • एनटीपीसी कोरबा सुपर थर्मल पावर स्टेशन : 2,600 MW
  • बालको कैप्टिव पावर प्लांट : 1,740 MW
  • हसदेव ताप विद्युत गृह, कोरबा पश्चिम : 1,340 MW
  • कोरबा पावर लिमिटेड, पताड़ी : 1,260 MW
  • डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह : 500 MW
  • बंधाखार ताप विद्युत संयंत्र : 300 MW
  • कसाईपाली ताप विद्युत संयंत्र : 270 MW
  • रतिजा ताप विद्युत संयंत्र : 100 MW
  • रेंकी ताप विद्युत संयंत्र : 63 MW
  • चाकाबुड़ा ताप विद्युत संयंत्र : 30 MW

1,980 मेगावाट की इकाइयां निर्माणाधीन

  • कोरबा पावर लिमिटेड, पथाड़ी : दूसरे चरण की शेष 660 मेगावाट इकाई।
  • हसदेव ताप विद्युत गृह, कोरबा पश्चिम : 660- 660 मेगावाट की दो प्रस्तावित इकाइयां, कुल 1,320 मेगावाट।

3,200 मेगावाट की अतिरिक्त इकाइयां प्रस्तावित

इसके अलावा 3,200 मेगावाट क्षमता की दो और परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें कोरबा पावर लिमिटेड की तीसरे चरण की 1,600 मेगावाट परियोजना और एनटीपीसी कोरबा की 1,600 मेगावाट क्षमता वाली प्रस्तावित विस्तार परियोजना शामिल हैं।

सिंगरौली और सोनभद्र को पीछे छोड़ सकता है कोरबा

वर्तमान स्थापित ताप विद्युत क्षमता के मामले में मध्य प्रदेश का सिंगरौली जिला 12,140 मेगावाट के साथ पहले, उत्तर प्रदेश का सोनभद्र जिला 12,087 मेगावाट के साथ दूसरे और गुजरात का कच्छ जिला 9,160 मेगावाट के साथ तीसरे स्थान पर है। कोरबा की वर्तमान क्षमता 8,203 मेगावाट है।

यदि कोरबा में निर्माणाधीन और प्रस्तावित सभी परियोजनाएं पूरी होती हैं तथा उनकी क्षमता के आंकड़े यथावत रहते हैं, तो जिले की संभावित स्थापित क्षमता 13,383 मेगावाट हो जाएगी। इस स्थिति में कोरबा इन तीनों जिलों से आगे निकल सकता है और देश के सबसे बड़े ताप विद्युत उत्पादन केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना सकता है।

  • Join the IndustrialPunch WhatsApp Group : Click here
  • industrial punch is now on Whatsapp Channels : Click here

 

Advertisement
1 अक्टूबर से बदलेंगे ये जरूरी नियम, आम लोगों पर पड़ेगा सीधा असर 1 अक्टूबर से बदलेंगे ये जरूरी नियम, आम लोगों पर पड़ेगा सीधा असर कोल इंडिया की 10 मेगा माइंस ने Q1 में बनाया रिकॉर्ड, SECL, NCL और MCL की खदानों का दबदबा भारत के सर्वाधिक कोयला भंडार वाले सात राज्यों के बारे में जानें: वित्तीय वर्ष 2025- 26 : कोल इंडिया लिमिटेड की टॉप- 10 खदान