सिंगरौली। IndustrialPunch : नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) में शनिवार को 42वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर कंपनी मुख्यालय सहित सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यालय में आयोजित समारोह का शुभारंभ खनिक मूर्ति पर माल्यार्पण और श्रम शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात एनसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने ध्वजारोहण किया।
पंजरेह भवन प्रांगण में आयोजित स्थापना दिवस समारोह में एनसीएल के पूर्व सीएमडी श्री ए.के. दास एवं श्री टी.के. नाग विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) श्री मनीष कुमार सहित श्रमिक संघों के जेसीसी सदस्य—सीएमएस से श्री अजय कुमार, बीएमएस से श्री नीतीश कुमार, आरसीएसएस से श्री लाल पुष्पराज सिंह तथा सीएमओएआई के महासचिव श्री सर्वेश सिंह भी शामिल हुए। इसके अलावा मुख्यालय के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
11 MT से अग्रणी कोयला उत्पादक कंपनी तक का सफर
समारोह को संबोधित करते हुए सीएमडी श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने सभी कर्मियों एवं हितग्राहियों को 42वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महज 11 मिलियन टन के प्रारंभिक उत्पादन से अपनी यात्रा शुरू करने वाली एनसीएल ने आज देश की अग्रणी कोयला उत्पादक कंपनियों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।
उन्होंने कंपनी की इस विकास यात्रा में पूर्व नेतृत्वकर्ताओं के अमूल्य योगदान की सराहना की और कहा कि एनसीएल की उपलब्धियां उसके कर्मियों के समर्पण, परिश्रम और सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं। सीएमडी ने एनसीएल के कर्मियों से देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा कंपनी को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।
पूर्व सीएमडी के साथ संवादात्मक सत्र
स्थापना दिवस कार्यक्रम के पश्चात एक संवादात्मक सत्र का आयोजन किया गया। इसमें एनसीएल के पूर्व सीएमडी ने वर्तमान सीएमडी, निदेशक मंडल एवं विभागाध्यक्षों के साथ कंपनी के विभिन्न प्रदर्शन मानकों और कार्यक्षेत्रों पर चर्चा की। इस दौरान कंपनी की अब तक की उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
सिंगरौली स्टेडियम में होगा केंद्रीय समारोह
42वें स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार शाम सिंगरौली स्टेडियम में केंद्रीय समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एनसीएल कर्मियों एवं विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। इसके पश्चात रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा।
- Join the IndustrialPunch WhatsApp Group : Click here
- industrial punch is now on Whatsapp Channels : Click here









