कोरबा, 6 जुलाई (Industrial Punch Desk): भारत की सबसे बड़ी एल्युमिनियम उत्पादक कंपनियों में शामिल Vedanta Aluminium ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (Q1FY27) में अब तक का सर्वश्रेष्ठ तिमाही प्रदर्शन दर्ज किया है।
कंपनी ने अप्रैल-जून 2026 के दौरान 6.32 लाख टन (632 KT) एल्युमिनियम का उत्पादन किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 5% अधिक है। वहीं, पिछली तिमाही की तुलना में भी उत्पादन में 3% की वृद्धि दर्ज की गई। यह कंपनी के इतिहास का सबसे अधिक तिमाही उत्पादन है।
इस उपलब्धि के पीछे वेदांता एल्यूमिनियम मेटल लिमिटेड की भारत एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (BALCO), कोरबा में चल रहे विस्तार (Expansion) कार्य, नए स्मेल्टर से बढ़ा उत्पादन और मौजूदा उत्पादन इकाइयों की बेहतर परिचालन दक्षता को प्रमुख कारण माना गया है। कंपनी ने बताया कि उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ परिचालन स्थिरता और दक्षता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
BALCO का प्रदर्शन रहा शानदार
कंपनी के अनुसार, BALCO ने Q1FY27 में 168 हजार टन (KT) एल्युमिनियम उत्पादन किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 17% अधिक है। इसमें नए स्मेल्टर से ट्रायल रन के दौरान उत्पादित लगभग 24 KT एल्युमिनियम भी शामिल है। कंपनी ने कहा कि BALCO विस्तार परियोजना निर्धारित योजना के अनुसार आगे बढ़ रही है और वित्त वर्ष 2026-27 की चौथी तिमाही (Q4) तक पूर्ण क्षमता उपयोग (Full Capacity Utilisation) का लक्ष्य रखा गया है।
वैल्यू-एडेड उत्पादों में भी रिकॉर्ड
Vedanta Aluminium ने केवल कुल उत्पादन ही नहीं बढ़ाया, बल्कि वैल्यू-एडेड एल्युमिनियम उत्पादों में भी नया रिकॉर्ड बनाया। Q1FY27 के दौरान कंपनी ने 389 हजार टन (KT) वैल्यू-एडेड उत्पादों का उत्पादन किया, जो एक वर्ष पहले की तुलना में 14% अधिक है। इससे स्पष्ट है कि कंपनी उच्च गुणवत्ता और अधिक मूल्य वाले उत्पादों पर अपना फोकस लगातार बढ़ा रही है।
एल्यूमिना उत्पादन में 41% की छलांग
कंपनी के Lanjigarh Alumina Refinery सहित अन्य विस्तार परियोजनाओं के बेहतर प्रदर्शन से एल्यूमिना उत्पादन 826 हजार टन (KT) तक पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 41% अधिक है। हालांकि, कुछ इकाइयों में अनियोजित रखरखाव (Unplanned Shutdown) के कारण पिछली तिमाही की तुलना में इसमें मामूली कमी दर्ज की गई।
BALCO Power Plant की बिजली बिक्री भी बढ़ी
BALCO के कैप्टिव पावर व्यवसाय ने भी मजबूत प्रदर्शन किया। पहली तिमाही में कंपनी ने 520 मिलियन यूनिट (MU) बिजली की बिक्री की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 21% अधिक है। इससे कंपनी की ऊर्जा दक्षता और अतिरिक्त राजस्व सृजन क्षमता मजबूत हुई है।
नई खदानों को मिली मंजूरी
Vedanta Aluminium ने बताया कि कंपनी को सिजिमाली बॉक्साइट ब्लॉक के लिए पर्यावरण एवं वन स्वीकृति (Environmental & Forest Clearance) प्राप्त हो गई है। इसके अलावा कुरलोई (A) नॉर्थ कोल ब्लॉक के लिए Mine Opening Permission भी मिल गई है। इन मंजूरियों से भविष्य में कच्चे माल और ईंधन की उपलब्धता मजबूत होगी, जिससे उत्पादन लागत पर सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









