भिलाई स्टील प्लांट द्वारा तैयार विशेष ग्रेड चैनल
भिलाई स्टील प्लांट द्वारा तैयार विशेष ग्रेड चैनल

रायपुर, 16 जुलाई। सीमाओं पर किसी भी परिस्थिति से निपटने हमेशा तैयार हमारे सशस्त्र बल ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भूस्खलन आदि में फंसे नागरिकों के जीवन को बचाने में सदैव तत्पर रहते हैं। अधिक ऊंचाई वाले दुर्गम क्षेत्रों में सैनिकों की आवाजाही सुनिश्चित करने या बचाव गतिविधियों को अंजाम देने के लिए जहां कहीं भी आवश्यक हो, सशस्त्र बलों को दूसरी तरफ पार करने के लिए स्टील से बने अलग-अलग हिस्सों को जोड़कर छोटे पुल बनाने की आवश्यकता होती है, जिसे बेली ब्रिज कहा जाता है। सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा उत्पादित विशेष ग्रेड स्ट्रक्चरल स्टील का उपयोग सशस्त्र बलों द्वारा बेली ब्रिज और इसी तरह के अन्य अनुप्रयोगों के लिए किया जा रहा है।

वर्ष 2016-17 से अब तक भिलाई इस्पात संयंत्र की मर्चेंट मिल द्वारा पहाड़ी इलाकों में बेली ब्रिज असेंबल करने के लिए सशस्त्र बलों द्वारा उपयोग हेतु 21,420 टन से अधिक विशेष ग्रेड स्ट्रक्चरल स्टील चैनलों की आपूर्ति की गई है।

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र बेली ब्रिज, फेंसिंग और ब्रिज सपोर्ट स्ट्रक्चर्स के निर्माण की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए इस रक्षा ग्रेड स्ट्रक्चरल स्टील को 100X50 और 75X40 दोनों आयामों में रोलिंग कर आपूर्ति कर रहा है। दो आयामों में उत्पादित विशेष ग्रेड संरचनात्मक स्टील चैनल आईएस 2062 ई 410 सेल्मा ग्रेड ए और आईएस 2062 ई 410 सेल्मा ग्रेड सी का उपयोग शून्य से नीचे तापमान वाले उच्च ऊंचाई एवं दुर्गम क्षेत्रों में सैनिकों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने हेतु स्टील के पुलों के लिए सहायक संरचनाओं के रूप में किया जा रहा है।

संयंत्र ने बेली ब्रिज निर्माण की विशिष्ट आवश्यकता के अनुरूप 2017 में पहली बार सेल्मा ग्रेड सी चैनल का उत्पादन शुरू किया था। सशस्त्र बलों द्वारा शून्य से नीचे तापमान वाले अधिक ऊंचाई एवं दुर्गम क्षेत्रों में सैनिकों की आवाजाही को सुनिश्चित करने हेतु इस विशेष ग्रेड चैनल का उत्पादन किया गया था। मर्चेंट मिल इस ग्रेड स्टील को हीटिंग प्रक्रिया के दौरान कड़े मापदण्डों से गुजारा जाता है तथा इसे और अधिक सहन शक्ति प्रदान करने हेतु इसमें अन्य धातुओं को मिश्रित किया जाता है। सेल्मा आईएस 2062 ई 410 ए ग्रेड को भी 2017 से उत्पादित किया जा रहा है। सशस्त्र बलों द्वारा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बेली ब्रिज के निर्माण के लिए इस ग्रेड के स्टील चैनलों का उपयोग किया जाता है। इन दोनों ग्रेड के स्टील चैनल्स का उत्पादन 100X50 और 75X40 के आयामों में किया जा रहा है।

वर्ष 2016-17 के बाद से आपूर्ति की गई कुल 21,420 टन में से 13,620 टन से अधिक आईएस 2062 ई 410 सेल्मा ग्रेड ए का है और शेष 7802 टन आईएस 2062 ई 410 सेल्मा ग्रेड सी का है। उल्लेखनीय है कि सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र युद्धपोतों के निर्माण में उपयोग होने वाले नौसेना ग्रेड स्टील प्लेट सहित विभिन्न अनुप्रयोगों हेतु विशेष ग्रेड स्टील की आपूर्ति करता आ रहा है।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

  • Website Designing