पटना। IndustrialPunch : बिहार के ऊर्जा क्षेत्र में बड़े निवेश की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। राज्य में ऊर्जा उत्पादन एवं भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए NTPC, NPCIL, अदाणी समूह, टोरेंट पावर और ग्रीनको समूह के साथ छह महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इन परियोजनाओं में कुल ₹1,72,885 करोड़ के प्रस्तावित निवेश की संभावना है।
पटना में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव तथा उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह भी मौजूद रहीं।
दो परमाणु ऊर्जा परियोजनाएं प्रस्तावित
बिहार में परमाणु ऊर्जा उत्पादन क्षमता विकसित करने के लिए दो बड़ी परियोजनाओं का प्रस्ताव रखा गया है।NTPC द्वारा बांका जिले के भितिया में 2,800 मेगावाट क्षमता का परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की योजना प्रस्तावित है।
वहीं NPCIL सिवान जिले के तलहर, रघुनाथपुर में 2,800 मेगावाट क्षमता के परमाणु ऊर्जा संयंत्र की परियोजना विकसित करने का प्रस्ताव लेकर आगे बढ़ेगी।
इन दोनों परियोजनाओं से बिहार में दीर्घकालिक बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने और ऊर्जा आपूर्ति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की उम्मीद है।
चार पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं से बढ़ेगी ऊर्जा भंडारण क्षमता
- अदाणी हाइड्रो एनर्जी-7: नवादा जिले के एकतारा एवं पथरा में 1,800 मेगावाट क्षमता की परियोजना।
- अदाणी हाइड्रो एनर्जी-15: जमुई जिले के मिर्चा पाठक चक में 1,800 मेगावाट क्षमता की परियोजना।
- टोरेंट पावर: नवादा जिले के हरदिया/फुलवरिया डैम में 1,500 मेगावाट क्षमता की परियोजना।
- ग्रीनको समूह: औरंगाबाद जिले के नारायणपुर एवं गजोई में 900 मेगावाट क्षमता की परियोजना।
निवेश से औद्योगिक विकास और रोजगार को बढ़ावा
इन छह परियोजनाओं के माध्यम से बिहार में ऊर्जा उत्पादन और भंडारण के बुनियादी ढांचे का विस्तार होगा। प्रस्तावित निवेश से राज्य की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होने के साथ औद्योगिक विकास, नई निवेश संभावनाओं और रोजगार सृजन को भी गति मिलने की उम्मीद है।
- Join the IndustrialPunch WhatsApp Group : Click here
- industrial punch is now on Whatsapp Channels : Click here









