रायपुर | IndustrialPunch : छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ (Chhattisgarh State Power Companies) में सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों के सम्मान में आयोजित विदाई समारोह में दो मुख्य अभियंताओं सहित सात अधिकारी-कर्मचारियों को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड (CSPGCL) के प्रबंध निदेशक एसके कटियार ने सेवानिवृत्त अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके लंबे और समर्पित सेवाकाल का सम्मान किया।
मुख्यालय सेवा भवन में आयोजित समारोह में मुख्य अभियंता राजेन्द्र कुमार साव एवं आशुतोष देवांगन सहित कुल सात अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। समारोह में कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की।
अपने संबोधन में प्रबंध निदेशक एसके कटियार ने कहा कि किसी भी संगठन की सफलता उसके कर्मचारियों की निष्ठा, अनुभव और समर्पण पर आधारित होती है। सेवानिवृत्त अधिकारियों ने अपने कार्यकाल के दौरान कंपनी के विकास और बिजली उत्पादन व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका अनुभव और कार्यशैली आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता राजेन्द्र कुमार साव एवं आशुतोष देवांगन ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने कंपनी प्रबंधन, वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों द्वारा मिले सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ में बिताया गया समय उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा।
समारोह में कार्यपालक निदेशक एमएस कंवर, सीएल नेताम, संदीप मोदी एवं संजय शुक्ला के साथ मुख्य अभियंता गिरीश गुप्ता, सुभाष शर्मा, एचएन कोसरिया तथा रोहित डहरवाल सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









