Wednesday, November 4, 2026
Home Industrial (हिंदी) कोल कोल इंडिया के 52वें स्थापना दिवस पर चेयरमैन का बड़ा संदेश, उत्पादन...

कोल इंडिया के 52वें स्थापना दिवस पर चेयरमैन का बड़ा संदेश, उत्पादन वृद्धि से वैश्विक विस्तार तक की तैयारी

कोल इंडिया ने अंतरराष्ट्रीय अवसरों की तलाश के लिए अपनी विदेशी सहायक कंपनी CIL Global Pte. Ltd., Singapore का गठन किया है

Advertisement

कोलकाता। IndustrialPunch : कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) के 52वें स्थापना दिवस समारोह में चेयरमैन बी. साईराम ने स्वागत संबोधन देते हुए कंपनी की उपलब्धियों, उत्पादन वृद्धि, कोयला आपूर्ति, सुधार कार्यक्रमों और भविष्य की रणनीति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कंपनी की यात्रा में योगदान देने वाले पूर्व एवं वर्तमान नेतृत्व, ट्रेड यूनियन नेताओं और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही खदानों में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले श्रमिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और कोयला मंत्रालय के निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

अक्टूबर में उत्पादन और कोयला आपूर्ति में 19% की वृद्धि

चेयरमैन ने कहा कि देश में बिजली की मांग अभूतपूर्व स्तर पर पहुंच रही है और ऐसे समय में कोल इंडिया की भूमिका एक राष्ट्रीय खनन कंपनी के रूप में बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 के अक्टूबर महीने में कंपनी के कोयला उत्पादन, कुल कोयला आपूर्ति और बिजली क्षेत्र को की गई आपूर्ति में लगभग 19 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि अक्टूबर में कंपनी की मासिक कोयला आपूर्ति उसके इतिहास के अब तक के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गई। बी. साईराम ने विश्वास जताया कि खदानों की तैयारियों और कर्मचारियों के संकल्प के बल पर कोल इंडिया चालू वित्त वर्ष के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करेगी।

Advertisement

कैपेक्स और विविधीकरण में भी उपलब्धियां

अपने संबोधन में चेयरमैन ने कंपनी के पूंजीगत व्यय (Capex), सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) के माध्यम से खरीद, वैज्ञानिक खदान बंदी (Scientific Mine Closure), कारोबार के विविधीकरण, कर्मचारी कल्याण और कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के क्षेत्र में हुई प्रगति का भी उल्लेख किया।

अंतरराष्ट्रीय विस्तार के लिए सिंगापुर में नई कंपनी

कोल इंडिया ने अंतरराष्ट्रीय अवसरों की तलाश के लिए अपनी विदेशी सहायक कंपनी CIL Global Pte. Ltd., Singapore का गठन किया है। चेयरमैन ने बताया कि यह नई इकाई कंपनी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कारोबार के अवसर तलाशने के लिए एक समर्पित मंच उपलब्ध कराएगी।

इसके माध्यम से विशेष रूप से महत्वपूर्ण खनिजों (Critical Minerals) से जुड़ी परिसंपत्तियों के अधिग्रहण, निवेश प्रबंधन को सुव्यवस्थित करने और संभावित विदेशी अधिग्रहण की दिशा में काम किया जा सकेगा।

2026 को ‘Year of Reforms’ के रूप में मना रही कंपनी

चेयरमैन ने बताया कि कोल इंडिया वर्ष 2026 को ‘Year of Reforms’ के रूप में मना रही है। चिंतन शिविर-2026 के बाद कंपनी ने कुल 63 सुधार पहलों की शुरुआत की है। इनमें से 38 पहल पूरी की जा चुकी हैं, जबकि शेष 25 पहलों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कर्मचारियों से प्रदर्शन के जरिए भरोसा कायम करने की अपील

अपने संबोधन के समापन में बी. साईराम ने कोल इंडिया के सभी कर्मचारियों से अपने काम और प्रदर्शन के माध्यम से कंपनी की क्षमता साबित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोल इंडिया को ऐसा संगठन बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए, जिस पर देश के प्रत्येक नागरिक का भरोसा और अपेक्षाएं कायम रहें।

  • Join the IndustrialPunch WhatsApp Group:Click here
  • industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here
Advertisement
1 अक्टूबर से बदलेंगे ये जरूरी नियम, आम लोगों पर पड़ेगा सीधा असर 1 अक्टूबर से बदलेंगे ये जरूरी नियम, आम लोगों पर पड़ेगा सीधा असर कोल इंडिया की 10 मेगा माइंस ने Q1 में बनाया रिकॉर्ड, SECL, NCL और MCL की खदानों का दबदबा भारत के सर्वाधिक कोयला भंडार वाले सात राज्यों के बारे में जानें: वित्तीय वर्ष 2025- 26 : कोल इंडिया लिमिटेड की टॉप- 10 खदान