काकामिगाहारा में भारत ने चार बार के चैंपियन दक्षिण कोरिया को 2-1 से हराकर पहली बार महिला जूनियर हॉकी एशिया कप का खिताब जीता।

पहला क्वार्टर गोल रहित बराबर रहने के बाद भारत ने 22वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर अनु के गोल की बदौलत बढ़त बनाई। जापान के साथ सेमीफाइनल की निराशा को पीछे छोड़ते हुए अनु ने गोल दागते हुए भारत को 1-0 से आगे किया।

दक्षिण कोरिया ने हालांकि तीन मिनट बाद गोल करके स्कोर 1-1 कर दिया। नीलम ने 41वें मिनट में गोल करके भारत को 2-1 से आगे कर दिया जो निर्णायक स्कोर साबित हुआ। भारतीय टीम ने इसके बाद अंतिम क्वार्टर में अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए जीत दर्ज की।

दक्षिण कोरिया को पेनल्टी कॉर्नर के रूप में गोल करने के कई मौके मिले लेकिन टीम इसका फायदा नहीं उठा सकी। इससे पहले महिला जूनियर एशिया कप में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2012 में था जब टीम बैंकॉक में पहली बार फाइनल में पहुंची थी लेकिन चीन से 2-5 से हार गई।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भारतीय महिला हॉकी टीम को महिला हॉकी जूनियर एशिया कप जीतने पर बधाई दी है। श्री मोदी ने एक ट्वीट में कहा है कि टीम ने अपनी प्रतिभा और टीम भावना का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि महिला हॉकी टीम ने भारत को गौरव दिलाया है।

  • Website Designing