कोरबा। IndustrialPunch : भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (INTUC) की जनरल काउंसिल मीटिंग आगामी 1, 2 और 3 दिसंबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने जा रही है। तीन दिवसीय सम्मेलन में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष, महासचिव सहित विभिन्न पदों के लिए चुनाव होंगे। साथ ही देशभर में ट्रेड यूनियन आंदोलन की स्थिति, राजनीतिक गतिविधियों, श्रम कानूनों और संगठन की आगामी रणनीति पर व्यापक चर्चा की जाएगी।
सम्मेलन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और तारिक अनवर सहित कई प्रमुख नेताओं के शामिल होने की संभावना बताई जा रही है। इसके अलावा भारतीय मजदूर संघ (BMS), सीटू (CITU), एटक (AITUC), हिंद मजदूर सभा (HMS) सहित विभिन्न ट्रेड यूनियनों के नेताओं को भी आमंत्रित किए जाने की जानकारी है।
डॉ. जी. संजीवा रेड्डी को फिर अध्यक्ष बनाने की तैयारी
INTUC के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर पिछले 32 वर्षों से डॉ. जी. संजीवा रेड्डी काबिज हैं। वर्ष 1994 से संगठन का नेतृत्व कर रहे रेड्डी को एक बार फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की तैयारी की जा रही है। सम्मेलन के दौरान संगठन के शीर्ष पदों पर चुनाव और नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
लेबर मूवमेंट और लेबर कोड पर होगा मंथन
तीन दिवसीय बैठक के एजेंडे में ट्रेड यूनियन आंदोलन, राजनीतिक गतिविधियां, नए लेबर कोड, संगठन की चार वर्षीय योजना और पिछले चार वर्षों के कार्यों एवं उपलब्धियों की समीक्षा प्रमुख रूप से शामिल है।
इसके साथ ही विभिन्न राज्यों के संगठनात्मक कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। राज्यवार गतिविधियों, सदस्यता, श्रमिक मुद्दों और संगठन की आगामी चुनौतियों पर भी चर्चा होगी।
INTUC का पिछला सम्मेलन फरवरी 2023 में आयोजित हुआ था। उस सम्मेलन में डॉ. जी. संजीवा रेड्डी को राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा संजय सिंह को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
- Join the IndustrialPunch WhatsApp Group : Click here
- industrial punch is now on Whatsapp Channels : Click here









