नई दिल्ली। IndustrialPunch : कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) की अनुषंगी कंपनी महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (MCL) ने शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को शेयर बाजार में पदार्पण किया। हालांकि, कंपनी के शेयर की शुरुआत उम्मीद के अनुरूप नहीं रही और यह अपने इश्यू प्राइस से नीचे सूचीबद्ध हुआ। ₹136 प्रति शेयर के इश्यू प्राइस के मुकाबले नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर शेयर ₹134 पर खुला, जबकि बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर इसकी शुरुआत ₹133.15 से हुई।
इस तरह NSE पर शेयर की लिस्टिंग इश्यू प्राइस से 1.47 प्रतिशत और BSE पर 2.10 प्रतिशत डिस्काउंट के साथ हुई। लिस्टिंग के बाद शुरुआती कारोबार में शेयर में उतार-चढ़ाव देखने को मिला और इसमें कुछ सुधार भी दर्ज किया गया।
₹8,981 करोड़ का था IPO
MCL का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) कुल ₹8,981.12 करोड़ का था। यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (Offer for Sale-OFS) के माध्यम से जारी किया गया, जिसके तहत कोल इंडिया लिमिटेड ने अपनी 66.18 करोड़ इक्विटी शेयरों की हिस्सेदारी बिक्री के लिए पेश की।
इस IPO के लिए प्रति शेयर मूल्य ₹129 से ₹136 निर्धारित किया गया था। ऊपरी मूल्य सीमा ₹136 पर शेयर जारी किए गए। 19 से 23 नवंबर तक खुले इस IPO को कुल 1.52 गुना अभिदान (Subscription) मिला था। संस्थागत निवेशकों की ओर से अच्छी मांग देखने को मिली, जबकि खुदरा निवेशकों की श्रेणी में अपेक्षाकृत कम अभिदान रहा।
कोल इंडिया की तीसरी अनुषंगी कंपनी की बाजार में एंट्री
MCL वर्ष 2026 में शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने वाली कोल इंडिया की तीसरी अनुषंगी कंपनी है। इससे पहले जनवरी 2026 में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) और मार्च 2026 में सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड (CMPDIL) की बाजार में एंट्री हुई थी।
कोल इंडिया के लिए अहम रहा IPO
MCL कोल इंडिया की प्रमुख कोयला उत्पादक अनुषंगी कंपनियों में शामिल है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी ने 218.31 मिलियन टन कोयला उत्पादन किया था। यह देश के कुल गैर-कोकिंग कोयला उत्पादन में लगभग 22.4 प्रतिशत और कोल इंडिया के कुल उत्पादन में 28 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी के बराबर था।
चूंकि यह IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल था, इसलिए शेयरों की बिक्री से प्राप्त राशि कोल इंडिया लिमिटेड को मिलेगी, MCL को नहीं। बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद अब कंपनी के शेयरों का मूल्यांकन बाजार की मांग, निवेशकों की धारणा और कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन के आधार पर होगा।
- Join the IndustrialPunch WhatsApp Group : Click here
- industrial punch is now on Whatsapp Channels : Click here









