कोरबा। IndustrialPunch : वाणिज्यिक कोयला खनन (Commercial Coal Mining) के 16वें दौर की नीलामी में ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में स्थित मिनाक्षी सेंट्रल कोल ब्लॉक (Meenakshi Central Coal Block) को लेकर कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। इस कोयला ब्लॉक के लिए वेदांता एल्युमीनियम मेटल लिमिटेड (Vedanta Aluminium Metal Ltd) ने भी बोली जमा की है। इस खदान के लिए कुल 13 कंपनियां दौड़ में शामिल हैं।
नीलामी प्रक्रिया में केंद्र एवं राज्य सरकार के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) के साथ निजी क्षेत्र की कंपनियों ने भी रुचि दिखाई है। बोली जमा करने वाली कंपनियों में द आंध्र प्रदेश मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड, ग्लोइंग रियलिटी प्राइवेट लिमिटेड, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, हिंदुस्तान पावर लिमिटेड, जिंदल पावर लिमिटेड, कर्नाटक पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, एनएलसी इंडिया लिमिटेड, नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड, ओडी सिं-गैस एंड केमिकल्स लिमिटेड, पेन्ना एंटरप्राइजेज लिमिटेड, द सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड और वेदांता एल्युमीनियम मेटल लिमिटेड शामिल हैं।
780 मिलियन टन से अधिक भूवैज्ञानिक संसाधन
मिनाक्षी सेंट्रल कोल ब्लॉक ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के इब वैली कोलफील्ड में स्थित है। इसका कुल प्रस्तावित क्षेत्रफल 8.254 वर्ग किलोमीटर है। खदान में कुल भूवैज्ञानिक कोयला संसाधन 780.03 मिलियन टन आंका गया है। वहीं, इसकी संभावित उत्पादन क्षमता 15 मिलियन टन प्रतिवर्ष निर्धारित की गई है। यह कोल ब्लॉक पूर्व में मिनाक्षी-बी और मिनाक्षी डिपसाइड नाम से पहचाने जाने वाले दो भूवैज्ञानिक ब्लॉकों को मिलाकर तैयार किया गया है।
सरकारी और निजी कंपनियों की भागीदारी
इस नीलामी में एनएलसी इंडिया, नॉर्दर्न कोलफील्ड्स, एनटीपीसी माइनिंग और सिंगरेनी कोलियरीज जैसी सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। वहीं, वेदांता एल्युमीनियम, हिंडाल्को, जिंदल पावर और हिंदुस्तान पावर सहित निजी कंपनियों ने भी इस कोल ब्लॉक के लिए बोली जमा की है।
13 कंपनियों की भागीदारी से मिनाक्षी सेंट्रल कोल ब्लॉक के लिए प्रतिस्पर्धा का अंदाजा लगाया जा सकता है। हालांकि, अंतिम सफल बोलीदाता का निर्णय नीलामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
- Join the IndustrialPunch WhatsApp Group : Click here
- industrial punch is now on Whatsapp Channels : Click here









