टक्कर के बाद एक ओर से बस के परखच्चे उड़ गए
टक्कर के बाद एक ओर से बस के परखच्चे उड़ गए

कोरबा, 12 सितम्बर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के मड़ई घाट के पास एक बस के खड़े ट्रेलर वाहन से टकरा जाने से 7 लोगों की मौत हो गई। इनमें दो बच्चे और 2 महिलाएं भी शामिल है। 12 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है।

जानकारी के मुताबिक रॉयल्स ट्रांसपोर्ट की लग्जरी बस स्लीपर कोच रविवार को रात रायपुर से रेणुकूट के लिए निकली थी। बताया जा रहा है कि तड़के करीब 4 बजे बस कोरबा के पोड़ी उपरेड़ा में नेशनल हाईवे -130 पर पहुंची थी कि मड़ई के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे के दौरान लोग नींद में थे।

टक्कर होते ही चीख- पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने सुबह हादसा देखा और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।

बताया गया है कि हादसे में 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। सभी घायलों को एंबुलेंस से स्थानीय उप स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां से गंभीर घायलों को जिला अस्पताल कोरबा रेफर किया गया। इलाज के दौरान एक बच्चे ने दम तोड़ दिया।

पुलिस अधीक्षक कोरबा संतोष सिंह ने बताया कि हादसे में सात लोगों की मौत हुई है। एसपी के अनुसार तीन लोग घायल हुए हैं।

CM बघेल ने गहरा दुख किया व्यक्त, आवश्यक सहयोग के निर्देश

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोरबा के बांगो थाना अंतर्गत नेशनल हाइवे पर मड़ई घाट के समीप आज सुबह हुई दुर्घटना में सात लोगों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस घटना में मृतकों के परिजनों को आवश्यक सहयोग और घटना में घायलों के समुचित उपचार के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

  • Website Designing