राउरकेला। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के राउरकेला इस्पात संयंत्र (RSP) ने तकनीकी उत्कृष्टता की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। संयंत्र के ऊर्जा प्रबंधन विभाग (Energy Management Department-EMD) ने स्थापना के बाद पहली बार गैस मिक्सिंग टैंक (Gas Mixing Tank-GMT) का सफलतापूर्वक प्रतिस्थापन कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
यह जटिल और उच्च जोखिम वाला कार्य जुलाई के प्रथम सप्ताह में सफलतापूर्वक पूरा किया गया, जबकि 9 जुलाई 2026 को महाप्रबंधक प्रभारी (EMD) ए.एस. खाखा ने वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में नई प्रणाली का उद्घाटन किया।
गैस वितरण प्रणाली की रीढ़ है गैस मिक्सिंग टैंक
गैस मिक्सिंग टैंक राउरकेला इस्पात संयंत्र की गैस वितरण प्रणाली का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें ब्लास्ट फर्नेस गैस (BFG), कोक ओवन गैस (COG) और एलडी गैस (LDG) जैसी तीन प्रमुख उप-उत्पाद ईंधन गैसों को निर्धारित अनुपात में मिश्रित कर गैस बूस्टरों के माध्यम से विभिन्न उत्पादन इकाइयों तक पहुंचाया जाता है।
सीसीडी (CCD) क्षेत्र में कुल दो गैस मिक्सिंग टैंक स्थापित हैं। इनमें से नव-प्रतिस्थापित टैंक तीन गैस बूस्टरों को गैस की आपूर्ति करता है, जबकि दूसरा टैंक दो गैस बूस्टरों को गैस उपलब्ध कराता है। इससे इस प्रणाली के महत्व का अंदाजा लगाया जा सकता है।
उच्च जोखिम के बीच सफल हुआ मिशन
गैसों की ज्वलनशील एवं संवेदनशील प्रकृति तथा संयंत्र की सतत उत्पादन प्रक्रिया को देखते हुए यह प्रतिस्थापन कार्य तकनीकी रूप से अत्यंत चुनौतीपूर्ण था। ऊर्जा प्रबंधन विभाग ने सावधानीपूर्वक योजना बनाते हुए इस कार्य को न्यू प्लेट मिल (NPM) के निर्धारित महामरम्मत (Major Shutdown) के दौरान पूरा किया, जिससे नियमित उत्पादन पर न्यूनतम प्रभाव पड़ा।
पूरी टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस महत्त्वपूर्ण परियोजना का समन्वय महाप्रबंधक (EMD) के.के. बारला ने किया, जबकि सुरक्षा संबंधी सभी पहलुओं की निगरानी उप महाप्रबंधक एवं विभागीय सुरक्षा अधिकारी बी.पी. पांडेय ने की। परियोजना में विभाग के इंजीनियरों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने समन्वित टीमवर्क का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
विश्वसनीय और सुरक्षित संचालन को मिलेगी मजबूती
गैस मिक्सिंग टैंक का सफल प्रतिस्थापन न केवल ऊर्जा प्रबंधन विभाग की एक बड़ी तकनीकी उपलब्धि है, बल्कि इससे राउरकेला इस्पात संयंत्र की गैस वितरण प्रणाली और अधिक विश्वसनीय, सुरक्षित एवं दक्ष बनेगी। यह उपलब्धि आधुनिक अनुरक्षण प्रबंधन, इंजीनियरिंग क्षमता और सुरक्षित संचालन के प्रति SAIL-RSP की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









