नागपुर। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए कोयला मंत्रालय द्वारा जारी कोयला खदानों की स्टार रेटिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर की सभी कोयला कंपनियों में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। WCL की सर्वाधिक 7 खदानों को प्रतिष्ठित 5-स्टार रेटिंग प्राप्त हुई है, जो सुरक्षित, वैज्ञानिक, पर्यावरण-अनुकूल और सतत खनन के क्षेत्र में कंपनी की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली का प्रमाण है।
कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग में WCL का यह प्रदर्शन उसे देश की अग्रणी कोयला कंपनियों की श्रेणी में सबसे आगे खड़ा करता है। कंपनी की भूमिगत और ओपनकास्ट दोनों प्रकार की खदानों ने सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, तकनीकी नवाचार और परिचालन दक्षता जैसे सभी प्रमुख मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इन 7 खदानों को मिला 5-स्टार सम्मान
- पाटणसावंगी भूमिगत खदान (नागपुर क्षेत्र)
- नांदगांव इंक्लाइन भूमिगत खदान (चंद्रपुर क्षेत्र)
- सावनेर माइंस क्रमांक-1 भूमिगत खदान (नागपुर क्षेत्र)
- सावनेर माइंस क्रमांक-2 भूमिगत खदान (नागपुर क्षेत्र)
- मकरधोकड़ा-1 ओपनकास्ट खदान (उमरेड क्षेत्र)
- दिनेश/एमकेडी-III ओपनकास्ट खदान (उमरेड क्षेत्र)
- मुंगोली ओपनकास्ट खदान (वणी क्षेत्र)
25 खदानों को 4-स्टार, 15 को 3-स्टार रेटिंग
स्टार रेटिंग मूल्यांकन में WCL की 25 खदानों को 4-स्टार और 15 खदानों को 3-स्टार रेटिंग भी प्रदान की गई है। इससे स्पष्ट है कि कंपनी की अधिकांश खदानें राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।
CMD डॉ. हेमंत शरद पांडे बोले – यह पूरी टीम की मेहनत का परिणाम
इस उपलब्धि पर WCL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और हितधारकों को बधाई देते हुए कहा, “देश में सर्वाधिक 5-स्टार रेटिंग प्राप्त करना WCL के लिए गर्व का विषय है। यह हमारे कर्मचारियों, अधिकारियों और सभी हितधारकों की प्रतिबद्धता, कड़ी मेहनत और पेशेवर उत्कृष्टता का परिणाम है। सुरक्षित एवं उत्तरदायी खनन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। भविष्य में भी आधुनिक तकनीक, नवाचार और सतत खनन पद्धतियों के माध्यम से हम देश की ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे।”
क्या है Coal Ministry की Star Rating?
कोयला मंत्रालय की Star Rating of Coal & Lignite Mines प्रणाली खदानों के समग्र प्रदर्शन का आकलन करने के लिए विकसित की गई है। इसमें निम्न प्रमुख मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया जाता है :
- वैज्ञानिक एवं सुरक्षित खनन
- पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास
- भूमि पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन
- आधुनिक तकनीकों का उपयोग
- व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा
- वैधानिक अनुपालन
- सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR)
- परिचालन दक्षता एवं उत्पादकता
WCL ने कायम किया नया मानक
5-स्टार रेटिंग प्राप्त WCL की सभी सात खदानों ने सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के कुशल उपयोग, तकनीकी नवाचार और कर्मचारी कल्याण जैसे सभी प्रमुख मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। यह उपलब्धि न केवल WCL की परिचालन क्षमता को दर्शाती है, बल्कि Coal India की सहायक कंपनियों में सुरक्षित और टिकाऊ खनन के नए मानक भी स्थापित करती है।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









