बिलासपुर, 8 जुलाई (IndustrialPunch Desk) : सार्वजनिक उपक्रम चयन बोर्ड (PESB) ने 8 जुलाई 2026 को आयोजित चयन प्रक्रिया में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के निदेशक (तकनीकी-ऑपरेशंस) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार को नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD) पद के लिए अनुशंसित किया है। एनसीएल का सीएमडी बनने की दौड़ में एन फ्रैंकलिन जयकुमार सहित कुल 11 अधिकारी दौड़ में थे।
श्री जयकुमार एक अनुभवी खनन विशेषज्ञ हैं, जिनके पास तीन दशक से अधिक का व्यापक अनुभव है। उन्होंने खनन उद्योग में भूमिगत (Underground) और ओपनकास्ट (Opencast) दोनों प्रकार की खदानों के संचालन में उल्लेखनीय नेतृत्व प्रदान किया है।
समृद्ध शैक्षणिक और तकनीकी पृष्ठभूमि
एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने अन्ना यूनिवर्सिटी, चेन्नई के कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, गिंडी से माइनिंग इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। इसके अलावा उन्होंने पर्यावरण इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा तथा मानव संसाधन प्रबंधन (MBA-HR) भी किया है। वे फर्स्ट क्लास माइन मैनेजर सर्टिफिकेट धारक हैं और इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) के फेलो भी हैं।
NLC इंडिया और SCCL में निभाई अहम जिम्मेदारियां
1 जनवरी 2025 को SECL में निदेशक (तकनीकी-ऑपरेशंस) का पदभार संभालने से पहले श्री जयकुमार NLC इंडिया लिमिटेड में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। वे कार्यकारी निदेशक एवं प्रोजेक्ट हेड, तालाबीरा-II एवं III ओपनकास्ट परियोजना के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
इससे पहले उन्होंने सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड (SCCL) में लगभग 18 वर्षों तक विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। उन्होंने इंडोनेशिया में 5 मिलियन टन वार्षिक क्षमता वाली कोयला खदान का सफल संचालन किया तथा बड़े लिग्नाइट खनन प्रोजेक्ट्स और Lignite-to-Methanol Project जैसी रणनीतिक परियोजनाओं का नेतृत्व भी किया।
सुरक्षा और कौशल विकास में भी अहम योगदान
खनन संचालन के अलावा श्री जयकुमार ने खदान सुरक्षा (Mine Safety), कौशल विकास (Skill Development) तथा कोयला मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय आपदा एवं संकट प्रबंधन योजनाओं में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके नेतृत्व को उद्योग में तकनीकी दक्षता, सुरक्षित खनन और नवाचार के लिए जाना जाता है।
SECL ने दी शुभकामनाएं
SECL ने अपने आधिकारिक संदेश में कहा है कि एन. फ्रैंकलिन जयकुमार का NCL के CMD पद के लिए चयनित होना उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, तकनीकी विशेषज्ञता और समर्पण का प्रमाण है। कंपनी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और नई जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









