UP : पहले चरण के चुनाव के लिए प्रचार अंतिम चरण में, सपा ने 24 और कांग्रेस ने 28 उम्‍मीदवारों की सूची जारी की

उत्तर प्रदेश में पहले चरण के चुनाव प्रचार के लिए केवल 24 घंटे रह गए हैं। राजनीतिक दल मतदाताओं को लुभाने के लिए जी-तोड़ प्रयास कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में पहले चरण के चुनाव प्रचार के लिए केवल 24 घंटे रह गए हैं। राजनीतिक दल मतदाताओं को लुभाने के लिए जी-तोड़ प्रयास कर रहे हैं।

भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और पार्टी के स्टार प्रचारकों ने घर-घर जाकर प्रचार किया और राज्य के विभिन्न हिस्सों में छोटी रैलियों को संबोधित किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बुलंदशहर और शाहजहांपुर जिलों में जबकि भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने आगरा जिले में पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने आज सहारनपुर में जनसभा को संबोधित किया और कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो वह कुशल मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को लागू करेंगे। इस बीच, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी आज शाम लखनऊ पहुंची।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। तृणमूल कांग्रेस प्रदेश में विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का समर्थन कर रही है। सुश्री बनर्जी उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के लिए प्रचार करेंगी।

राष्‍ट्रीय लोकदल प्रमुख जयंत चौधरी ने भी आज मेरठ जिले में प्रचार किया।

इस बीच, समाजवादी पार्टी ने आज 24 उम्‍मीदवारों की एक अन्‍य सूची जारी की है। पार्टी ने गोरखपुर शहर विधानसभा सीट से मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के विरूद्ध श्रीमती शुभावती शुक्‍ला को चुनाव मैदान में उतारा है। श्रीमती शुभावती भारतीय जनता पार्टी नेता उपेन्‍द्र दत्‍त शुक्‍ला की विधवा हैं, जिन्‍होंने योगी आदित्‍यनाथ के मुख्‍यमंत्री बनने के बाद वर्ष 2018 में गोरखपुर संसदीय क्षेत्र से उपचुनाव लडा था।

उधर, कांग्रेस पार्टी ने भी आज विधानसभा चुनाव के लिए 28 उम्‍मीदवारों की सूची जारी की है। इस सूची में 10 महिलाएं भी शामिल हैं। अमेठी विधानसभा क्षेत्र से आशीष शुक्‍ला पार्टी के उम्‍मीदवार होंगे, जबकि कुन्‍डा सीट से रघुराज प्रताप सिंह के विरूद्ध योगेश यादव चुनाव लडेंगे। पार्टी ने मनकापुर और गौरा सीट से उम्‍मीदवार बदल दिए हैं। मनकापुर सीट से सुश्री सुंतोष कुमारी, सुश्री कमला सिसोदिया के स्‍थान पर उम्‍मीदवार होंगी। इसी तरह से राम प्रताप सिंह गौरा सीट से सतेन्‍द्र दुबे के स्‍थान पर प्रत्‍याशी बनाए गए हैं।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

 

 

  • Website Designing