नई दिल्ली, 08 जुलाई। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन पर दुख व्यक्त किया है। आज एक ट्वीट में श्री नायडू ने कहा कि वह शिंजो आबे के निधन से दुखी हैं। उन्होंने कहा कि श्री शिंजो आबे ने भारत-जापान संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उपराष्ट्रपति ने शिंजो आबे के परिजनों और जापान के लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन पर गहरा दुख व्‍यक्‍त किया है। ट्वीट संदेश में श्री मोदी ने कहा कि वे इस घटना से स्‍तब्‍ध हैं और अभिन्‍न मित्र शिंजो आबे की मृत्‍यु उनके लिए अत्‍यंत पीडादायक है। उन्‍होंने कहा कि श्री आबे ने भारत-जापान संबंधों को विशेष कार्यनीतिक और वैश्विक भागीदारी के स्‍तर पर ले जाने में अभूतपूर्व योगदान दिया। श्री मोदी ने कहा कि आज पूरा भारत शिंजो आबे के निधन पर शोक व्‍यक्‍त कर रहा है और दुख की इस घडी में वह जापान के साथ हैं।

श्री मोदी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के सम्‍मान में कल भारत में एक दिन का राष्‍ट्रीय शोक रखा जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्री आबे के परिजनों और जापानी लोगों के प्रति संवेदना प्रकट की।

श्री आबे के साथ अपने निकट संबंधों का स्‍मरण करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कई वर्षों, गुजरात के मुख्‍यमंत्री के कार्यकाल के दौरान से ही उनके साथ गहरे संबंध रहे हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद भी यह मित्रता जारी रही है। श्री मोदी ने कहा कि श्री आबे की अर्थव्‍यवस्‍था और अंतर्राष्‍ट्रीय मामलों में गहरी समझ ने उन्‍हें प्रभावित किया। उन्‍होंने कहा कि हाल की जापान यात्रा के दौरान उन्‍हें श्री आबे से मिलने का अवसर मिला था। श्री मोदी ने कहा कि शिंजो आबे विनोदी और गहरी समझ वाले इंसान थे। वे वैश्विक नेता और जाने-माने प्रशासक थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि श्री आबे ने अपना पूरा जीवन जापान और विश्‍व को बेहतर बनाने मे समर्पित किया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या पर दुख व्‍यक्‍त किया है। आज एक ट्वीट में श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत ने एक करीबी मित्र खो दिया है, शिंजो आबे ने जापान के प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान भारत और जापान के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में काम किया। रक्षा मंत्री ने कहा कि उन्होंने 2019 में अपनी जापान यात्रा के दौरान श्री आबे से मुलाकात की। श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि शिंजा आबे के पास एक सुरक्षित और बेहतर दुनिया बनाने का दृष्टिकोण था। रक्षा मंत्री ने कहा कि श्री आबे को उनकी कूटनीति के लिए सदैव याद किया जाएगा।

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या पर दुख जताया। उन्होंनें कहा , “कई वर्षों तक आबे भारत के एक महान मित्र और शुभचिंतक रहे। उन्होंने हमारे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को विस्तार और गहरा करने के लिए बहुत कुछ किया।“ मुझे उनके साथ अपनी मुलाकात बहुत ही प्यार और स्पष्ट रूप से याद है। यह एक बहुत बड़ा दुर्भाग्य है जो जापान और वास्तव में पूरे अंतरराष्ट्रीय समुदाय पर पड़ा है। उनकी कमी खलेगी।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

  • Website Designing