कोरबा, 03 सितम्बर। सांसद और भाजपा के छत्तीसगढ़ चुनाव घोषणा पत्र समिति के प्रदेश संयोजक विजय बघेल (Vijay Baghel) ने कहा भूपेश सरकार से राज्य का हर वर्ग प्रताड़ित है। भाजपा का घोषणा पत्र (BJP manifesto) कांग्रेस के घोषणा पत्र की तरह छलावा वाला नहीं होगा, बल्कि सच्चाई लिए होगा।

घोषणा पत्र के संदर्भ में नागरिकों से चर्चा करने कोरबा पहुंचे विजय बघेल ने जिला भाजपा कार्यालय में मीडिया से चर्चा की। श्री बघेल ने बताया कि एक माह में सवा लाख से ज्यादा सुझाव प्राप्त हो चुके हैं। घोषणा पत्र के लिए 20 दिनों तक और सुझाव लिए जाएंगे। 15 सदस्यीय कमेटी सुझावों की समीक्षा करेगी। 8- 9 राज्यों से अच्छी योजनाओं की जानकारी भी मंगाई गई है। उनका भी अध्ययन किया जाएगा। इसके बाद पार्टी का घोषणा पत्र तैयार होगा।

सांसद ने भूपेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने राज्य को हड़ताल प्रदेश बना दिया है। पहली बार ऐसा हुआ कि पांच दिनों तक मंत्रालय में ताला लगा रहा। श्री बघेल ने दावा किया वे पाटन से चुनाव जीतेंगे और मुख्यमंत्री को हराएंगे।

इस बार सीटों का नहीं रखा लक्ष्य

संसद विजय बघेल से पूछा गया कि 2018 में पार्टी ने 68 सीटों पर जीत का लक्ष्य तय किया था, 2023 में कितनी सीटें जीतने का टारगेट है। इस पर विजय बघेल ने कहा कि पार्टी ने कोई लक्ष्य निर्धारित नहीं किया है, लेकिन भाजपा अधिकतम सीटें जीतेगी और राज्य में सरकार बनाएगी।

कमल छाप होगा भाजपा का चेहरा

एक सवाल के जवाब में सांसद विजय बघेल ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा किसी को भी मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं बनाएगी। कमल छाप ही भाजपा का चेहरा होगा। श्री बघेल ने स्वंय को सीएम पद का चेहरा होने से नकार दिया।

  • Website Designing