रामपुर में लोकसभा उपचुनाव के लिए मतदान जारी है, तस्वीर बनियापुर पोलिंग स्टेशन की है।
रामपुर में लोकसभा उपचुनाव के लिए मतदान जारी है, तस्वीर बनियापुर पोलिंग स्टेशन की है।

नई दिल्ली, 23 जून।  उत्तर प्रदेश की दो लोकसभा सीटों रामपुर और आजमगढ़ पर हो रहे उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्वक तरीके से चल रहा है। दोपहर 1 बजे तक रामपुर में 26.39% और आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) में 29.48% मतदान दर्ज़ हुआ। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में एक महिला सहित 19 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

रामपुर सीट पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और आजमगढ़ से आजम खान के मार्च में विधायक चुने जाने के बाद यह उपचुनाव हो रहा है। रामपुर से भाजपा ने घनश्याम सिंह लोधी को मैदान में उतारा है जबकि समाजवादी पार्टी ने आजम खान के करीबी आसिम रजा को उम्मीदवार बनाया है। बहुजन समाज पार्टी ने रामपुर सीट से अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है। आजमगढ़ सीट पर भाजपा के दिनेश लाल यादव ’निरहुआ’ समाजवादी पार्टी के धर्मेंद्र यादव और बहुजन समाज पार्टी के शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।

दिल्ली में राजिंदर नगर उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। इसमें कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं। सुबह 11 बजे तक करीब 15 प्रतिशत मतदान की खबर है।

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व पार्षद राजेश भाटिया, कांग्रेस की पूर्व पार्षद प्रेमलता और आम आदमी पार्टी के दुर्गेश पाठक के बीच कड़ा मुकाबला है। यह विधानसभा सीट आप विधायक राघव चड्ढा के राज्यसभा सांसद चुने जाने के बाद खाली हुई थी। मतों की गिनती रविवार को होगी।

पंजाब में संगरूर लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है। दोपहर 1 बजे तक संगरूर (पंजाब) में 22.21 फीसदी मतदान दर्ज़ हुआ। एक हजार 766 मतदान केन्द्रों पर मतदाता वोट डाल रहे हैं। संवेदनशील दो सौ 96 मतदान केन्द्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सभी मतदान केन्द्रों पर कैमरों के जरिये निगरानी की जा रही है।

आन्ध्रप्रदेश के आत्मकुर विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में मतदान सुचारू रूप से चल रहा है। अंतिम समाचार मिलने तक लगभग तीस प्रतिशत मतदान की खबर है। वाई एस आर कांग्रेस के पूर्व मंत्री और विधायक मेकापति गौथम के फरवरी में निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।

झारखंड में मांडर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान सुचारू रूप से चल रहा है। सुबह सात बजे से शुरू हुआ मतदान शाम चार बजे तक चलेगा। दोपहर एक बजे तक करीब 45 प्रतिशत मतदान हुआ। इस विधानसभा सीट के लिए कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं।

इस बीच, जिला प्रशासन ने 239 मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यापक व्यवस्था की है। वोटों की गिनती 26 जून को होगी। बंधु तिर्की को भ्रष्टाचार के मामले में दोषी ठहराए जाने के कारण उन्‍हें अयोग्‍य घोषित कर दिया गया था। रिक्‍त हुई सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।

सोशल मीडिया पर अपडेट्स के लिए Facebook (https://www.facebook.com/industrialpunch) एवं Twitter (https://twitter.com/IndustrialPunchपर Follow करें …

  • Website Designing