नागपुर, 23 जुलाई। कोल इंडिया (CIL) की अनुषांगिक कंपनी वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) द्वारा श्रमिक संगठन सदस्यता सत्यापन का शेड्यल जारी किया गया है। इसमें नोटा (NOTA) का प्रावधान हटा दिया गया है।
वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड द्वारा चेक ऑफ सिस्टम के तहत श्रमिक संगठन सदस्यता सत्यापन 2025 के लिए 15 बिन्दुओं की प्रक्रिया जारी की गई है। महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं औद्योगिक संबंध) के हस्ताक्षर से यह प्रक्रिया जारी हुई है। बिन्दु क्रमांक 13 में उल्लेख है कि चेक ऑफ प्रणाली 2025 के अंतर्गत केवल एचएमएस (HMS), बीएमएस (BMS), एटक (AUTIC) एवं इंटक (INTUC) का ही सदस्यता सत्यापन किया जाएगा। अन्य कोई भी उल्लेख/ टिप्पणी/ NTOA/ NO UNION मान्य नहीं किया जाएगा।
इधर, सदस्यता सत्यापन से नोटा को चेक ऑफ प्रणाली प्रक्रिया से हटा दिया गया है। जबकि पहले नोटा का कॉलम भी था। एसईसीएल में चल रहे यूनियन सदस्यता सत्यापन में नोटा को स्थान मिला है। नोटा को विलोपित कर प्रबंधन कोयमा कामगारों को यूनियन को समर्थन देने बाध्य कर रहा है। जबकि बहुत से कामगार हैं जो किसी भी श्रमिक संगठन को न समर्थन देते हैं न ही उनके पक्ष में रहते हैं। ऐसे में उनके लिए नोटा एक विकल्प रहता है।
दो चरण में होगा सदस्यता सत्यापन
वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में श्रमिक संगठन सदस्यता सत्यापन 18 अगस्त से प्रारंभ हो रहा है। पहला चरण 18 अगस्त से 24 अगस्त, 2025 तक चलेगा। दूसरा चरण 8 एवं 9 सितम्बर को होगा। चेक ऑफ सिस्टम में चार यूनियन एमचएमएस, बीएमएस, इंटक एवं एटक सम्मिलित है। सीटू इस सिस्टम से बाहर है।













