नागपुर। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए महाराष्ट्र पुलिस होम गार्ड विभाग के साथ विभागीय सुरक्षाकर्मियों के प्रशिक्षण के लिए ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह पहल सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में सुरक्षा क्षमता विकास की दिशा में एक नई शुरुआत मानी जा रही है।
मुंबई पुलिस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह समझौता महाराष्ट्र पुलिस के विशेष पुलिस महानिरीक्षक एवं उपमहासमादेशक डॉ. जालिंदर सुपेकर (IPS) तथा WCL के विभागाध्यक्ष (सुरक्षा) लेफ्टिनेंट कमांडर (डॉ.) विक्रांत मलहन के बीच हस्ताक्षरित किया गया।
हर साल 150 सुरक्षाकर्मियों को मिलेगा प्रशिक्षण
समझौते के तहत WCL के लगभग 150 विभागीय सुरक्षाकर्मियों को प्रतिवर्ष मुंबई, नागपुर और नासिक स्थित प्रशिक्षण केंद्रों में निःशुल्क व्यावसायिक सुरक्षा प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण का पहला बैच 24 जुलाई 2026 से शुरू होगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में आधुनिक सुरक्षा तकनीकों, आपदा प्रबंधन, औद्योगिक सुरक्षा, आपातकालीन प्रतिक्रिया, सरकारी परिसंपत्तियों की सुरक्षा तथा पुलिस के साथ बेहतर समन्वय जैसे विषयों पर विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
कोयला मंत्रालय और महाराष्ट्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पहल
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम भारत सरकार के कोयला मंत्रालय के दिशा-निर्देशों तथा महाराष्ट्र सरकार की विशेष राजपत्र अधिसूचना के अनुरूप संचालित किया जाएगा। माना जा रहा है कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में इस प्रकार का प्रशिक्षण समझौता अपनी तरह की एक महत्वपूर्ण और अभिनव पहल है।
सुरक्षा कौशल और समन्वय को मिलेगा नया आयाम
WCL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) डॉ. हेमंत शरद पांडे तथा निदेशक (मानव संसाधन) बिक्रम घोष के मार्गदर्शन में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य विभागीय सुरक्षाकर्मियों की दक्षता बढ़ाना, सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा को और मजबूत करना तथा महाराष्ट्र पुलिस और WCL के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
प्रबंधन का मानना है कि इस प्रशिक्षण से सुरक्षाकर्मियों की पेशेवर क्षमता में वृद्धि होगी और भविष्य में कोयला परियोजनाओं तथा औद्योगिक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बन सकेगी।
industrial punch is now on Whatsapp Channels. Click here to join
IndustrialPunch | The Voice of Industry & Workforce









