कोरबा (आईपी न्यूज)। केंद्र सरकार की जन विरोधी, मजदूर विरोधी तथा देश विरोधी नीतियों का मुखालफत करने के लिए देश के दस केंद्रीय मजदूर संगठनों ने 8 जनवरी को एक दिवसीय आम हड़ताल का ऐलान किया है। इस हड़ताल मंे रक्षा, हवाई सेवा, बैंक, बीमा, तेल कंपनियों के साथ सभी सरकारी एवं गैर सरकारी उद्योग शामिल होंगे। इसके साथ राज्य सरकारों के कर्मचारियों सहित कई किसान संगठनों ने भी इस हड़ताल का समर्थन किया है। गुरुवार को छत्तीसगढ़ के कोरबा में हड़ताल को कामयाब करने के लिए एटक कार्यालय में कार्यकर्ताओं का कन्वेंशन हुआ। इसमें एसईसीएल एटक के महामंत्री हरिद्वार सिंह एवं अध्यक्ष अजय विश्वकर्मा विशेष रूप उपस्थित हुए। हरिद्वार सिंह ने कहा यह सरकार पूरी तरह उद्योग घरानों की गिरफ्त में है। इन्हीं के इशारों पर जनविरोधी एवं मजदूर विरोधी नीतियों को लागू किया जा रहा हैै। इन नीतियों के विरोध में 8 जनवरी को पूरे देश में आम हड़ताल का ऐलान किया गया है। दीपेश मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार के गलत नीतियों के चलते देश की अर्थव्यवस्था दम तोड़ रही है, बढ़ती महंगाई पर लगाम लगाने की सारी कोशिशें नाकाम हो गई यहां तक कि रोजगार सृजन के मामले में यह सरकार पूरी तरह मात खा गई है इस सरकार ने सिर्फ एक ही लक्ष्य बनाया है कि कैसे कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों को सर्वोच्च शिखर पर स्थापित किया जाए।
क्षेत्रीय समिति का किया गया पुनर्गठन
इस दौरान संयुक्त कोयला मजदूर संघ कोरबा क्षेत्रीय समिति का पुनर्गठन किया गया। इसमें धरमा राव को अध्यक्ष, सुभाष सिंह को कार्यवाहक अध्यक्ष तथा दीपेश मिश्रा को क्षेत्रीय सचिव का दायित्व सौंपा गया।

  • Website Designing