कोरबा (IP News). शनिवार को नवदृष्टि प्रशांति वृद्धाश्रम में मुनगा के पौधे रोपे गए। नगर पालिक निगम, कोरबा के महापौर राजकिशोर प्रसाद ने पहला पौधा रोपा। इसके पश्चात सभापति श्यामसुंदर सोनी सहित संस्था के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नागरिकों व अन्य लोगों ने पौधे रोपे।

महापौर श्री प्रसाद व सभापति श्री सोनी ने आश्रम में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम पूछा। भवन में निगम द्वारा कराए जा रहे मरम्मत कार्य का भी निरीक्षण किया गया। महापौर राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि मुनगा एक औषधीय और गुणकारी फल है। इसका फल और पत्तियां दोनों ही स्वास्थ्य की दृष्टि से बेहद लाभदायक हैं। राज्य सरकार द्वारा पूरे प्रदेश में मुनगा के पौधों का रोपण किया जा रहा है। महापौर ने कहा कि राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के जन्मदिवस पर नवदृष्टि प्रशांति वृद्धाश्रम भवन के मरम्मत सहित अन्य कार्य की घोषणा की गई थी। इसी के तहत आश्रम भवन का सम्पूर्ण मरम्मत व रंगाई पोताई कार्य कराया जा रहा है।

महापौर श्री प्रसाद ने नवदृष्टि समाजसेवी संस्था के सेवाभावी कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बगैर किसी शासकीय मदद के 15 वर्षों से वृद्धाश्रम का संचालन करना एक चुनौतीपूर्ण काम है। नवदृष्टि समाजसेवी संस्था पूरे प्रदेश में एक मिसाल है। सभापति श्री सोनी ने कहा कि रोपे गए मुनगा के पौधे जब फल देने लगेंगे तो इसका लाभ आश्रम के बुजुर्गों को मिलेगा।

नवदृष्टि समाजसेवी संस्था के सचिव लक्ष्मी चौहान ने आश्रम भवन का मरम्मत कार्य प्रारंभ करवाने तथा पौधरोपण के लिए महापौर का आभार जताया। संस्था के अध्यक्ष मोहम्मद सादिक़ शेख ने महापौर व सभापति को वृद्धाश्रम की व्यवस्थागत जानकारी देते हुए अन्य जरूरतों से अवगत कराया। इस दौरान वृद्धाश्रम के केअरटेकर बीरू यादव सहित सुनील गोयल, राजा क्षत्रीय, सुरेंद्र सोनी आदि मौजूद थे।

  • Website Designing