कोरबा (IP News). कोरबा शहर के कोसाबाड़ी क्षेत्र में संचालित कृष्णा हॉस्पिटल में एक महिला ने चार बच्चों को जन्म दिया। इनमें तीन लड़कियां और एक लड़का शामिल है। जानकारी के अनुसार प्रसूता प्रियंका किरण पति शंकरलाल किरण शहर के रिस्दी की निवासी है। यह प्रसव 9 सितम्बर की दोपहर 3.44 बजे हुआ। डा. प्रीति उपाध्याय ने डिलेवरी कराई। पहले लड़की पैदा हुई फिर लड़का, इसके बाद दो लड़कियों ने जन्म लिया। बताया गया है कि जच्चा-बच्चा दोनों ही स्वस्थ हैं। एक साथ चार बच्चों के जन्म लेने पर परिवार में खुशी है। हॉस्पिटल प्रबंधन के अनुसार इसके पहले यहां तीन बच्चों का एक साथ जन्म हुआ।

शंकरलाल किरण स्कूल में शिक्षक हैं और शादी के सात साल बाद दंपती के यहां यह खुशी आई है। इससे पहले उनके बच्चे नहीं थे और वे उपचार भी करा रहे थे। सभी बच्चों को कुल वजन सवा छह किलो बताया गया है। यह सभी बच्चे आठवें महीने में ही पैदा हो गए हैं।

अस्पताल संचालक डॉ विशाल उपाध्याय ने बताया कि यह काफी दुर्लभ मामला है और महिला का प्रसव कराना भी बेहद चुनौतीपूर्ण काम था, क्योंकि महिला के शरीर में प्रोटीन का स्तर बेहद कम था। ऐसे में इस बात को लेकर अनिश्चितता थी कि प्रसव के दौरान कोई अनहोनी न हो जाए। मेडिकल साइंस की भाषा में इसे क्वाटरेक्स प्ले कहा जाता है। समय पूर्व प्रसव की वजह सामान्य डिलिवरी नहीं हो सकी और डॉक्टरों को प्रसव के लिए ऑपरेशन करना पड़ा। अब सभी बच्चे पूरी तरह स्वस्थ्य हैं और मां को भी किसी प्रकार का कोई खतरा नहीं है।

  • Website Designing