कोरबा (आईपी न्यूज़)। नगर पालिक निगम, कोरबा में मेयर को लेकर अभी तक तस्वीर साफ नहीं हुई है। इधर, खासकर भाजपा ने अपने सभी 31 पार्षदों को घेरेबंदी में रखा है। नवनिर्वाचित पार्षद बनारस में भाजपा की मेहमाननवाजी का लुत्फ उठा रहे हैं। महापौर और सभापति के दावेदार कुछ पार्षद भगवान श्रीराम के शरण में अयोध्या पहुंचे हुए हैं। इनमें नरेंद्र देवांगन, हितानंद अग्रवाल भी शामिल हैं। आयोध्या गए पार्षदों के दल के नेतृत्व भाजपा के जिला महामंत्री तरूण मिश्रा कर रहे हैं। बताया गया है कि सभी पार्षद दो- चार दिन और बाहर रहेंगे। दरअसल भाजपा द्वारा अपने पार्षदों को टूट से बचाने और उन्हें एकजुट रखने लांग टूर पर ले जाया गया है। यहां बताना होगा कि निगम, कोरबा के चुनाव में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। भाजपा के सर्वाधिक 31 पार्षद निर्वाचित हुए हैं, जबकि कांग्रेस के 26 पार्षद जीतकर आए हैं। बहुमत के लिए 34 का आंकड़ा चाहिए। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल बगैर जोड़ तोड़कर अपना महापौर नहीं बना सकते हैं। कांग्रेस ने 3 निर्दलीय पार्षदों को अपने खेमे में शामिल करा अपनी संख्या 29 कर ली है।
– जोगी कांग्रेस के पार्षद रायपुर में
छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस की टिकट से जीतकर आए दोनों पार्षद धनसाय साहू, पदमा साहू रायपुर में हैं। छजकां ने अभी अपना रुख़ स्पष्ट नहीं किया है कि उसके द्वारा कांग्रेस या भाजपा किसको अपना समर्थन दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि पार्टी यह देख रही है कांग्रेस और भाजपा दोनों से मेयर के लिए किसका चेहरा सामने आता है, इसके बाद समर्थन का निर्णय लिया जाएगा।

  • Website Designing